कांकेर में नक्सलियों की बर्बरता, राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर आदिवासी युवक की हत्या की- Hum Samvet

नक्सलियों ने मृत व्यक्ति पर पुलिस मुखबिरी का आरोप भी लगाया था। दरअसल 15 अगस्त पर उसने स्थानीय ग्रामीणों के साथ नक्सलवादी स्मारक पर तिरंगा फहराया था।
कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सली घटना की भयावह वारदात सामने आई है। दरअसल स्कूल परिसर स्थित नक्सली स्मारक पर तिरंगा फहराने पर नक्सलियों ने एक युवक को मार दिया। नक्सलियों ने मृत व्यक्ति पर पुलिस मुखबिरी का आरोप भी लगाया था। गुरुवार को युवक द्वारा तिरंगा फहराने का वीडियो सामने आया।
नक्सली घटना की यह वारदात कांकेर जिले की परतारपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय मुनेष नरूटी गांव बिनागुंडा का निवासी है। 15 अगस्त पर उसने स्थानीय ग्रामीणों के साथ नक्सलवादी स्मारक पर तिरंगा फहराया था। इसको लेकर नक्सलियों में गुस्सा बढ़ गया। उनकी जन अदालत में मुनेष की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
यह भी पढ़ें: रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, जेल प्रहरियों को नहीं लगी भनक
मुनेष ने इसी साल 12वीं कक्षा की एग्जाम पास की थी। वह जवाहर नवोदय विद्यालय नारायणपुर में पढ़ता था। वही झंडा फहराने का वीडियो उसके बड़े भाई रैनू नरूटी ने बनाया था और सोशल मीडिया पर शेयर किया। यह वीडियो काफी वायरल हुआ, इसके बाद नक्सली 16 अगस्त को गांव पहुंचे थे। नक्सलवादियों ने दोनों भाई को गांव से बाहर ले गए। खुशकिस्मती से नक्सलियों ने बड़े भाई रैनू को छोड़ दिया, लेकिन मुनेश को नहीं बख्शा।



