मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

महापौर मीनल चौबे इजराइल दौरे पर, युद्ध और शहरी प्रभावों का करेंगी अध्ययन

रायपुर।  रायपुर की महापौर मीनल चौबे इन दिनों पांच दिवसीय इजराइल दौरे पर हैं। यह दौरा राज्य शासन के निर्देश पर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युद्ध की परिस्थितियों में मानव जीवन और किसी शहर पर पड़ने वाले प्रभावों का गहन अध्ययन करना है। मीनल चौबे 19 जुलाई को भारत लौटेंगी। इस दौरान वे युद्ध से प्रभावित इलाकों में जाकर शहरी व्यवस्थाओं, पुनर्वास, सुरक्षा प्रबंधन और जनजीवन पर पड़ने वाले असर की जानकारी लेंगी।

महापौर चौबे की अनुपस्थिति में नगर निगम के वित्त विभाग के एमआईसी सदस्य महेंद्र खोड़िहार को प्रभारी महापौर नियुक्त किया गया है। सोमवार को वे महापौर कक्ष में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते नजर आए। उन्होंने बताया कि इस अध्ययन दौरे में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधिमंडल को शामिल किया गया है, जिनमें रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी प्रतिनिधित्व कर रही हैं। यह दौरा मंत्रालय स्तर पर निर्धारित किया गया है।

दौरे के दौरान इजराइल में युद्ध के दौरान अपनाई गई प्रशासनिक कार्यप्रणालियों, नागरिक सुरक्षा उपायों, आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण कार्यों का अनुभव साझा किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भारत की विविध संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से भी वहां के अधिकारियों को परिचित कराएंगे।

Related Articles

Back to top button