रायपुर में UPSC कोचिंग के लिए एंट्रेंस परीक्षा, नागपुर समेत कई जिलों से पहुंचे परीक्षार्थी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा रविवार को राजधानी रायपुर में यूपीएससी परीक्षा की कोचिंग एवं गाइडेंस सेल में प्रवेश के लिए एंट्रेंस परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा प्रधानमंत्री कौशल विकास केन्द्र, एस ग्लोबल, मिनोचा पेट्रोल पंप के सामने जी.ई. रोड तेलीबांधा स्थित केन्द्र में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 4 छात्र पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर जिले से पहुंचे थे।
राज्य हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन एवं सदस्य मोहम्मद असलम खान ने जानकारी देते हुए बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा यूपीएससी के तहत आईएएस एवं इंडियन अलाइड सर्विसेस परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग और गाइडेंस सेल का संचालन किया जाता है। इसी के तहत देशभर में कुल 21 स्थानों पर रविवार को एक साथ प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की गईं।
मोहम्मद असलम खान ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के प्रयासों से वर्ष 2022 में रायपुर को परीक्षा केन्द्र के रूप में स्वीकृत कराया गया था। इसके पश्चात यह दूसरा अवसर है जब यहां एंट्रेंस परीक्षा आयोजित हुई। इससे पहले नागपुर समेत सीमावर्ती जिलों के अभ्यर्थियों को मुंबई जाकर परीक्षा देनी पड़ती थी, लेकिन अब रायपुर में यह सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।
परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों ने राज्य हज कमेटी एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हज कमेटी ऑफ इंडिया से पर्यवेक्षक परवेज़ काजी, प्रधानमंत्री कौशल विकास केन्द्र के प्रबंधक एस.ए. मसीद साहब, राज्य हज कमेटी के सैयद सलीम अशरफ, मोहम्मद हुसैन मलकानी और राजिक अमजद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी ने रायपुर परीक्षा केन्द्र को स्थायी रूप से सुचारू बनाए रखने की उम्मीद जताई।



