मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

15 साल बाद रायपुर नगर निगम में भाजपा की वापसी, महापौर मीनल चौबे महाकुंभ यात्रा पर रवाना

रायपुर। रायपुर नगर निगम में 15 वर्षों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद नगर निगम की नई टीम जिम्मेदारी संभालने से पहले आध्यात्मिक यात्रा पर निकली है। नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे 40 से अधिक पार्षदों के साथ महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज रवाना हो चुकी हैं। इस यात्रा में कुल 150 लोग शामिल हैं, जो एक विशेष बस से प्रयागराज पहुंचेंगे। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में विपक्षी पार्षदों को भी शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि यह यात्रा भाजपा कार्यकर्ताओं की आस्था और आध्यात्मिक शक्ति को बढ़ाने के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का खर्च नगर निगम द्वारा नहीं बल्कि भाजपा संगठन द्वारा वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, अगर विपक्षी दलों के सदस्य भी महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है। हम सभी मिलकर शहर के विकास के लिए कार्य करेंगे और यह यात्रा हमारे लिए एक शुभ शुरुआत होगी।

महापौर मीनल चौबे ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा, हमारी इच्छा थी कि नगर निगम की जिम्मेदारी संभालने से पहले महाकुंभ स्नान करें। यह यात्रा हमारे संकल्प और समर्पण का प्रतीक है। हम भगवान से प्रार्थना करेंगे कि हमें रायपुर के विकास के लिए सही दिशा मिले।

भाजपा नेता पुरंदर मिश्रा ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नगर निगम में 15 साल बाद आई भाजपा की सरकार अब व्हाइट हाउस (नगर निगम मुख्यालय) को गंगाजल से शुद्ध कर शपथ ग्रहण करेगी।

गौरतलब है कि रायपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। महापौर पद पर भाजपा की मीनल चौबे ने 1,53,290 मतों से जीत दर्ज की, वहीं 70 वार्डों में से 60 पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर नगर निगम में अपना दबदबा स्थापित किया।

Related Articles

Back to top button