मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

आय असमानता पर चिंता जतायी गयी राज्यसभा में

  • आय असमानता से सामाजिक स्थिरता को भी प्रभावित कर रहा

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा ने राज्यसभा में शुक्रवार को देश में बढ़ती आय असमानता पर चिंता व्यक्त की और इस पर सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। श्री झा ने सदन में शून्यकाल के दौरान सभापति की अनुमति से उठाए गए मामले के अंतर्गत कहा कि मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग की आय में लगातार गिरावट हो रही है। कोरोना काल के बाद इसमें तेजी आई है। उन्होंने कहा कि आय असमानता से सामाजिक स्थिरता को भी प्रभावित कर रहा है। देश में स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा सेवाएं और अन्य बुनियादी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूंजी का केंद्रीकरण राजनीति को भी प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार को संविधान के प्रावधानों के अनुरूप आय का समान वितरण करने की दिशा में काम करना चाहिए। आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने देश में साइकिल विनिमार्ताओं की कर समस्याओं का मामला उठाया और कहा कि साइकिल और उसके उपकरणों पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगता है जबकि इलेक्ट्रिक साइकिल पर पांच प्रतिशत का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि साइकिल दिव्यांग भी इस्तेमाल करते हैं और आम आदमियों के आवागमन का साधन है। सरकार को साइकिल उसके उपकरणों को जीएसटी से मुक्त करना चाहिए।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र) की डा. फौजिया खान ने महाराष्ट्र में जन स्वास्थ्य के बिगड़ती स्थिति का मामला उठाया और केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की। जनता दल यूनाइटेड के संजय कुमार झा ने दरभंगा हवाई अड्डे का नाम कवि कोकिल विद्यापति हवाई अड्डा रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने दरभंगा हवाई अड्डे के विस्तार की भी मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली दरभंगा सेक्टर के बीच यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी की डा मेधा विश्राम कुलकर्णी ने मुंबई- पुणे राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं का मामला उठाया और उचित यातायात व्यवस्था की मांग की। कांग्रेस के सैयद नासीर हुसैन ने कर्नाटक में मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने और नए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान खोलने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बेल्लारी में भी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान खोला जाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के दोरजी शेरिंग लेपचा ने नाथुला दर्रे तक रेल सेवाएं बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर सेना को साजों सामान भी पहुंचा जा सकेगा। नाथुला दर्रे तक रेल सेवाएं पहुंचाने से इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेगी और लोगों के जीवन में समृद्धि आएगी। भारतीय जनता पार्टी के सुजीत कुमार ने देश में डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ की बढ़ती खपत पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे बच्चों और युवाओं का स्वास्थ्य संकट में आ गया है। इससे युवाओं में मोटापा, कैंसर , उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसी बीमारियां बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी करते हुए डिब्बा बंद खाद्य पदार्थों पर नियंत्रण पाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ पर चेतावनी मोटे अक्षरों में लिखी जानी चाहिए।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संदोष कुमार पी ने प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए एक निश्चित नीति बनाने की मांग की। केरल कांग्रेस एम के जोस के मणि ने केरल के तट के आसपास हिंद महासागर और अरब सागर में खनिज पदार्थों के सर्वेक्षण की मांग की। भारतीय जनता पार्टी के प्रदीप कुमार वर्मा ने झारखंड में कुरमाली, कोरठा, मुंडारी और नागपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं का झारखंड की संस्कृति और इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है।

इन भाषाओं के विकास और संरक्षण के लिए विशेष अनुदान दिए जाने चाहिए। कांग्रेस की जेबी माथेर हाशेम ने केरल में युवाओं के मादक पदार्थों के प्रयोग का मामला उठाया और इसकी रोकथाम की मांग भी की। उन्होंने कहा कि राज्य में युवा और किशोर नशे में फंसते जा रहे हैं। कांग्रेस की रजनी पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र में किसानों की हालत बहुत खराब है और सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है जिससे वह कर्ज के जाल में फंस जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के धनंजय भीमराव महादिक ने सहकारी संस्थाओं में समानतओं के हित सुरक्षित करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button