Lok Sabha Election 2024 : अजमेर लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र पर पुनर्मतदान जारी,जानें क्या है वजह ?

जयपुर,राजस्थान के अजमेर लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर गुरुवार सुबह 7 बजे पुनर्मतदान शुरू हुआ. भारत निर्वाचन आयोग ने पीठासीन अधिकारी द्वारा 17-ए रजिस्टर (मतदाताओं का) गुम हो जाने के बाद 26 अप्रैल को दूसरे चरण में इस बूथ पर हुए मतदान को निष्प्रभावी घोषित कर दिया था और पुनर्मतदान की घोषणा की थी.
पुनर्मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं.निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया,”अजमेर संसदीय क्षेत्र के नांदसी में मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा.”
753 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
पुनर्मतदान में कुल 753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे.इस मतदान केंद्र की ‘वेबकास्टिंग’ भी की जा रही है. राजस्थान में कुल 25 लोकसभा सीट हैं.उनमें से 12 सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में और 13 सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था.



