ईडी ने एक धन शोधन मामले में पूर्व विधायक और उनके सहयोगी को गिरफ्तार किया - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

ईडी ने एक धन शोधन मामले में पूर्व विधायक और उनके सहयोगी को गिरफ्तार किया

चंडीगढ़, आठ जनवरी (ए)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित अवैध खनन से जुड़े धन शोधन के एक मामले में हरियाणा के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके सहयोगी कुलविंदर सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सिंह यमुनानगर विधानसभा सीट से इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के पूर्व विधायक हैं। एजेंसी ने चार जनवरी को उनके और सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के यहां छापेमारी की थी और पांच दिनों तक चली तलाश सोमवार को समाप्त हुई।दिलबाग सिंह और कुलविंदर सिंह को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया है और दोनों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उनकी आगे की हिरासत के लिए अनुरोध करेगी।

ईडी ने दिलबाग सिंह और उनसे जुड़े अन्य लोगों के परिसरों से कम से कम पांच ‘अवैध’ राइफल, 300 कारतूस और खोखे, 100 से अधिक शराब की बोतलें और पांच करोड़ रुपये बरामद किए हैं।

लीज समाप्त होने और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद भी यमुनानगर और इसके आसपास के जिलों में पत्थरों, बजरी और रेत के कथित अवैध खनन को लेकर हरियाणा पुलिस की ओर से कई प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। धनशोधन का यह मामला भी इसी से संबद्ध है।

केंद्रीय एजेंसी ‘ई-रवाना’ योजना में कथित धोखाधड़ी की भी जांच कर रही है। ‘ई-रवाना’ एक ऑनलाइन पोर्टल है, जिसे हरियाणा सरकार ने रॉयल्टी और करों के संग्रह को आसान बनाने और खनन क्षेत्रों में कर चोरी को रोकने के लिए 2020 में शुरू किया था।

Related Articles

Back to top button