CM साय से मिले सौरव गांगुली…बोले- यहां का स्टेडियम बहुत अच्छा लगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात करने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली पहुंचे। गांगुली ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी गांगुली को बधाई दी। इस दौरान क्रिकेट पर, छत्तीसगढ़ पर और विभिन्न विषयों पर औपचारिक चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान गांगुली ने मुख्यमंत्री से क्रिकेट में रुचि के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने बताया कि क्रिकेट में इतनी रुचि थी कि गांव में क्रिकेट खेलने लकड़ी से खुद बल्ला तैयार करते थे। जशपुर जिले के बारे में बताते हुए उन्होंने बताया कि हमारे यहां हाकी खेली जाती है। यहां पर पहाड़ी कोरवा जनजाति तीरंदाजी बहुत कौशल से करते हैं इसलिए तीरंदाजी में भी खिलाड़ी खूब रुचि लेते हैं।
गांगुली ने बताया कि वो पहली बार छत्तीसगढ़ आये। यहां नवा रायपुर का स्टेडियम बहुत अच्छा है। मुझे बताया गया कि यहां अंतरराष्ट्रीय मैच हुए हैं और सचिन जैसे मशहूर खिलाड़ी भी यहां खेल चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा कि आपका कभी कोलकाता में आना हुआ क्या। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में स्टील मंत्रालय देखने के दौरान कोलकाता काफी जाना होता था।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष श्री सौरव गांगुली ने की सौजन्य भेंट।
– मुख्यमंत्री जी ने क्रिकेट को लेकर अपने संस्मरण भी साझा किए उन्होंने श्री गांगुली को बताया कि उन्हें क्रिकेट में काफी रुचि है। मुख्यमंत्री जी… pic.twitter.com/HeriZ40z8p
— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) January 3, 2024
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांगुली का बेल मेटल से निर्मित राजकीय पशु वन भैंसे की मूर्ति और शॉल भेंट कर अभिनन्दन किया। गांगुली ने मुख्यमंत्री को सम्मानपूर्वक अपना हस्ताक्षर किया हुआ बल्ला भेंट किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधायक सम्पत अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ पी. दयानंद भी उपस्थित थे। विधायक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और गांगुली को इस मौके पर जगन्नाथ पुरी से लाया गया भगवान श्री जगन्नाथ का प्रसाद और छायाचित्र भेंट किया।
वित्त मंत्री ने कहा, आपके आफसाइड शाट रोमांचित करते थे इस मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बातचीत के दौरान गांगुली से कहा कि जब आप क्रीज में होते थे तो हम सब बहुत रोमांचित रहते थे। विशेष रूप से आपके आफसाइड शाट हम सबको बहुत रोमांचित करते थे।



