साय सरकार के मंत्रिमंडल में पांच नए, चार पुराने चेहरे, एक स्थान खाली

रायपुर। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का लंबे इंतजार के बाद अब आज गठन हो जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया 9 मंत्री आज राजभवन में शपथ लेंगे। एक स्तान अभी खाली रखा गया है। जिनको मंत्री बनाया जा रहा है, उनमें पुराने चेहरों में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल और केदार कश्यप शामिल हैं। पांच नए चेहरों को मौका दिया गया है। इसमें ओपी चौधरी, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी रजवाड़े शामिल हैं। रियल टाइम्स ने पहले ही यह खबर प्रकाशित की थी कि साय कैबिनेट का विस्तार विधानसभा सत्र के बाद होगा। कल ही विधानसभा का सत्र समाप्त हुआ है। अब दूसरे आज शपथ ग्रहण कार्यक्रम हो रहा है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली जाएंगे, जहां पर भाजपा की लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक होने वाली है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ दो डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति में साइंस कॉलेज के मैदान में शपथ ली। इसी दिन मंत्रिमंडल के भी सदस्यों का शपथ ग्रहण का कार्यक्रम था, लेकिन इसको टाल दिया गया। इसके बाद से ही लगातार मंत्रिमंडल को लेकर कशमकश चल रही है।
दिल्ली में तय हुए थे नाम
साय मंत्रिमंडल के नामों को लेकर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा के अलावा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन के साथ मंथन हो चुका है। दिल्ली से मुख्यमंत्री ने लौटने के बाद यह भी कहा है कि मंत्रिमंडल में नए के साथ पुराने चेहरों को भी शामिल किया जाएगा।
साय-किरण देव जाएंगे दिल्ली
शपथ ग्रहण के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा ने नए प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव आज दाेपहर को दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में 22 और 23 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन की लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक है। इसमें श्री साय और श्री देव शामिल होंगे। श्री साय की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ और कुछ राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुलाकात होगी।