भाजपा प्रत्याशी बोले- चुनाव आयोग ने किया सरकार के दबाव में काम

रायपुर. छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव हाे गया है, अब तीन दिसंबर का इंतजार है जिसमें इस का खुलासा होगा कि राज्य में किसकी सरकार बन रही है। राजधानी की विधानसभाओं से चुनाव लड़ने वाले पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण के प्रत्याशी मोतीलाल साहू का साफ कहना है कि चुनाव आयोग, पुलिस और जिला प्रशासन का काम निष्पक्ष नहीं था। कांग्रेस ने प्रशासन का दुरुपयोग करने का काम किया है। हालांकि रायपुर उत्तर के प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा की किसी से कोई शिकायत नहीं है। उनका कहना है, सबका उनकाे सहयोग मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं के कामों को सभी प्रत्याशियों ने सराहा है।
विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण एक दिन पहले ही पूरा हुआ है। इस चरण में 70 सीटाें पर चुनाव हुए। इनमें रायपुर की चार सीटें भी शामिल हैं। रायपुर की सीटें हाई प्रोफाइल सीटें मानी जाती हैं। इन सीटों में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव लड़ते हैं। इस बार भी इनके बीच का मुकाबला रोचक रहा है। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का क्या अनुभव रहा, उसके बारे में हरिभूमि ने उनसे जो चर्चा की वह प्रस्तुत है।
पुलिस-जिला प्रशासन का आचरण नहीं था निष्पक्ष: बृजमोहन
रायपुर दक्षिण के भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल का साफ कहना है कि चुनाव में पुलिस और जिला प्रशासन के कई अफसरों का आचरण निष्पक्ष नहीं था। इन लोगों ने गलत काम करने वालों का साथ दिया। मैंने थानेदारों से लेकर एसी, कलेक्टर और चुनाव आयोग तक कई शिकायतें कीं, लेकिन किसी पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। कई तरह की शिकायतें थानों, जिला प्रशासन और चुनाव आयोग में हमने की, लेकिन किसी पर भी कार्रवाई नहीं की गई। ऐसा चुनाव आयोग नहीं करता है, लेकिन सरकार के दबाव में इस बार चुनाव आयोग ने कोई भी एक्शन नहीं लिया।
लचर व्यवस्था के चलते हुआ कम मतदान: मोतीलाल
रायपुर ग्रामीण के प्रत्याशी मोतीलाल साहू का कहना है, शासन-प्रशासन की लचर व्यवस्था के कारण ही रायपुर ग्रामीण में मतदान काफी धीमी गति से हुआ है। मतदान को लेकर कोई भी व्यवस्था ठीक नहीं थी, ज्यादातर बूथों में पुलिस की भी व्यवस्था नहीं थी। कुछ मतदान केंद्रों में कोटवार लगा दिए गए थे। घंटों लोगों काे धूप में खड़े होकर मतदान करना पड़ा। व्यवस्था न होने के कारण मतदाता वापस भी चले गए।
सबका सहयोग सराहनीय रहा: पुरदंर
रायपुर उत्तर से चुनाव लड़ने वाले पुरंदर मिश्रा का अनुभव भाजपा के दूसरे प्रत्याशियों से बिलकुल अलग है। उनका कहना है, मुझे भाजपा के कार्यकर्ताओं का जहां पूरा सहयोग मिला, वहीं मुझे शासन, प्रशासन से भी कोई शिकायत नहीं है। मुझे सबका पूरा सहयोग मिला है। कार्यकर्ताओं को लेकर कहा, अब कार्यकर्ता हाईटेक हो गए हैं, जब मैंने 20 साल पहले बसना से चुनाव लड़ा था, तब कार्यकर्ता इतने हाईटेक नहीं थे।



