कांग्रेस चुनाव संचालक पर प्राणघातक हमला, सहयोगी भी घायल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

 कांग्रेस चुनाव संचालक पर प्राणघातक हमला, सहयोगी भी घायल

दोनों को गंभीर हालत में किया भोपाल रेफर 


भोपाल । प्रदेश के रायसेन जिले के सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के चुनाव कार्यालय संचालक और उनके सहयोगी पर प्राण घातक हमला किया गया। हमले में गंभीर घायल दोनों को उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है। यह हमला रोसरा घाटी गांव में हुआ है। घटना सोमवार देर रात करीब एक से डेढ़ बजे की बताई जा रही है। दोनों को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। हमला करने का आरोप भाजपा समर्थकों पर लगाया जा रहा है। बम्होरी थाना क्षेत्र के ग्राम रोसरा घाटी में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र पटेल के चुनाव कार्यालय के संचालक अवधेश पटेल और उनके साथी राम सिंह लोधी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर दोनों प्रमुख पार्टियों के कार्यकर्ताओं में तनाव है। हमले में घायल कांग्रेस नेता अवधेश पटेल और राम सिंह लोधी को भोपाल रेफर किया गया है। घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम अस्पताल पहुंच गया। क्षेत्र में घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया। चुनाव होने के कारण रिटर्निंग आफिसर सौरभ मिश्रा सहित पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। एसडीओपी अनिल मौर्य ने बताया कि दोनों शराब के नशे में थे जिस पर गांव के लोगों से विवाद हुआ और इन पर हमला कर दिया था। फिलहाल ग्राम रोसरा घाटी निवासी संतोष सिंह राजपूत एवं सुरेश सिंह राजपूत के खिलाफ धारा 341, 323, 294, 506, 427 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गंभीर रूप से घायलों के होश में आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। बाद में अन्य आरोपितों के भी नाम एफआईआर में बढ़ाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि अवधेश पटेल एवं उनके सहयोगी राम सिंह लोधी को कार्यकर्ताओं द्वारा खबर दी गई थी कि आसपास के गांव में शराब बांटी जा रही है, तब दोनों व्यक्ति ग्राम रोसरा घाटी पहुंच गए। यहां पर उनका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि वहां भाजपा समर्थकों द्वारा पहले तो कांग्रेस नेता के वाहन को लाठियां एवं पत्थर मार- मारकर तोड़ा गया। उसके बाद कांग्रेस नेता अवधेश पटेल और राम सिंह लोधी पर धारदार हथियारों सहित लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। इससे अवधेश पटेल के सिर में हथियार लगने से वह बेहोश हो गए। दोनों को सिलवानी से भोपाल रेफर किया गया है।

Related Articles

Back to top button