साव बोले- परिवर्तन यात्रा से घबराई कांग्रेस, निकालनी पड़ रही भरोसे की यात्रा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

साव बोले- परिवर्तन यात्रा से घबराई कांग्रेस, निकालनी पड़ रही भरोसे की यात्रा

रायपुर. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, भाजपा की परिवर्तन यात्रा से सत्ताधारी कांग्रेस के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है। यही वजह है कि अब कांग्रेस को भरोसे की यात्रा निकालनी पड़ रही है। जब कांग्रेस पर जनता को भरोसा ही नहीं है तो चाहे भरोसे का सम्मेलन कर लें या फिर भरोसे की यात्रा निकाल लें। अब जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। कांग्रेस के शासन में ही कवर्धा में भगवा ध्वज का अपमान हुआ। हिन्दू समाज ने इसका विरोध किया, तब राज्य सरकार ने न्याय देने के बजाय क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया। हिन्दू समाज को इस सरकार ने प्रताड़ित करने का भरपूर प्रयास किया है। ऐसा दृश्य छत्तीसगढ़ वासियों ने कभी नहीं देखा। प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है। अब इस सरकार को जनता बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है।
श्री साव ने कहा, बिरनपुर की सामूहिक नरसंहार की घटना हमने देखी है, किस तरह से साहू समाज के होनहार युवक भुनेश्वर साहू की निर्मम हत्या की गई। अभी कुछ दिन पहले खुर्सीपार में सिख समाज के देशभक्त युवक मलकीत सिंह ने हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया तो कुछ लोगों ने उसकी बर्बरता पूर्वक हत्या कर दी। राजधानी रायपुर में एडिशनल एसपी के पार्किंग में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। आखिर हमारा यह शांत छत्तीसगढ़ में हो क्या रहा है? यह कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ को किस दिशा में लेकर जाना चाहती है। श्री साव ने कहा, छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं कानून का खौफ इन अपराधियों पर नहीं है। भूपेश बघेल की सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। खुलेआम छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण हो रहा है। लव जिहाद की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस सरकार प्रदेश को बर्बाद करने पर तुली हुई है।

Related Articles

Back to top button