परिवर्तन यात्रा की कमान तीन दिनों के लिए रमन के हाथ

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह काे परिवर्तन यात्रा की तीन दिनाें के लिए कमान सौंपी गई है। दरअसल में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के बीच में लोकसभा के विशेष सत्र के लिए दंतेवाड़ा की यात्रा का नेतृत्व कर रहे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को दिल्ली जाना पड़ा है। ऐसे में अब यात्रा की कमान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने संभाल ली है। यह कमान उनके पास फिलहाल 20 सितंबर तक ही है। 21 सितंबर को यात्रा के पाटन पहुंचने से पहले प्रदेशाध्यक्ष के वापस आने की बात की जा रही है। अगर हाईकमान ने इजाजत मिली तो वे 20 सितंबर की रात तक वापस आ सकते हैं, क्योंकि 21 को पाटन में बड़ी आम सभा है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने प्रदेश में दो परिवर्तन यात्राएं निकाली हैं। एक यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को निकली है। इसकी कमान प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के पास है। यात्रा के प्रारंभ होने वाले ही दिन उनको दिल्ली जाना पड़ा था, क्योंकि भाजपा ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई थी। ऐसे में यात्रा का जिम्मा नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल को सौंपा गया था। श्री साव ने यात्रा का जिम्मा वापस 15 सितंबर से संभाला था, लेकिन एक बार उनको फिर से दिल्ली जाना पड़ा है। दरअसल दिल्ली में लोकसभा का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक हो रहा है। इसमें सभी सांसदों का रहना जरूरी है। इसलिए श्री साव सोमवार की सुबह रायपुर से दिल्ली गए हैं। इसी के साथ भाजपा के सभी सांसद भी दिल्ली चले गए हैं।
रमन ने संभाला मोर्चा
श्री साव के दिल्ली जाने के बाद राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर आगे की यात्रा का जिम्मा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को दिया गया है। एक दिन पहले यात्रा डोंगरगढ़ से निकली और खैरागढ़, गंडई होते हुए कवर्धा पहुंची। आज कवर्धा से यात्रा पंडरिया, नवागढ़, विधानसभा होते हुए बेमेतरा पहुंचेगी और रात्रि विश्राम बेमेतरा में होगा। इसके बाद यात्रा 20 सितंबर को बेमेतरा से देवरबीजा, कोदवा, देवकर, धमधा, अहिवारा, जामुल होते हुए वैशालीनगर भिलाई पहुंचेंगी और रात्रि विश्राम यहां होगा। यात्रा 21 सितंबर की शाम तक पाटन पहुंचने वाली है। पाटन पहुंचने से पहले यात्रा में वापस प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के जुड़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि पाटन का क्षेत्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का है। यहां पर बड़ी सभा की तैयारी है।