शाह का बंद कमरे में एक बार फिर चुनावी रणनीति पर मंथन

रायपुर(realtimes) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल देर रात काे रायपुर पहुंचे। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के चुनिंदा नेताओं के साथ बंद कमरे में चुनावी रणनीति पर मंथन किया। इसमें जहां नए प्रत्याशियों की सूची को लेकर बात हुई है, वहीं पुरानी सूची को लेकर सामने आए विवादों की भी जानकारी ली। दूसरे राज्यों से आए विधायकों के दौरे पर भी चर्चा की गई। आने वाले समय के लिए नए टास्क भी दिए गए और पुराने टास्क को लेकर जानकारी ली गई।
श्री शाह ने प्रदेश में भाजपा की स्थिति को देखते हुए अब खुद की यहां की चुनावी कमान संभाल ली है। उनका तीसरा दौरा भी ठीक पहले के दौरों की तरह ही है। वे यहां पर रात को पहुंचे और पहले राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी मनसुख मंडाविया, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ पहले अलग से बात की, इसके बाद प्रदेश के नेताओं प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री ओपी चौधरी, विजय शर्मा, केदार कश्यप को बुलाकर उनके साथ बैठक की।
प्रत्याशियों पर मंथन
श्री शाह ने बैठक में सबसे पहले प्रत्याशियों की दूसरी सूची को लेकर चर्चा की। इसी के साथ पहली सूची को लेकर जहां से भी नाराजगी सामने आई है, उसके बारे में जानकारी ली। इसी के साथ यह भी जाना कि जहां पर भी नाराजगी सामने आई है, वहां पर नाराज दावेदारों को मनाने के लिए क्या-क्या किया गया और कहां पर डेमेज कंट्रोल नहीं हो सका है। चार राज्यों के विधायकों के दौरे को लेकर भी जानकारी ली गई कि इनका दौरा कहां पर कैसा रहा। पुराने टॉस्क के बारे में भी जाना कि इसमें क्या-क्या काम हुआ है और जो काम नहीं हो सके हैं,उसका कारण भी पूछा। आने वाले समय के लिए नए टास्क दिए गए हैं। घोषणा पत्र समिति के दौरे और लोगों से मिलने वाले सुझावों के बारे में श्री शाह को बताया गया। इसी के साथ प्रदेश के राजनीतिक हालत की भी पूरी जानकारी दी गई।



