आज फिर आएंगे शाह, बंद कमरे में बनेगी चुनावी रणनीति - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

आज फिर आएंगे शाह, बंद कमरे में बनेगी चुनावी रणनीति

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ की चुनावी कमान संभालने के बाद एक बार फिर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम काे रायपुर आ रहे हैं। यह दौरा भी ठीक पहले वाले दौरे की तरह है। रात को यहां 7.50 बजे पहुंचने के बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रात को 8 बजे से श्री शाह चुनिंदा नेताओं के साथ बंद कमरे में चुनावी रणनीति बनाएंगे। पिछले दौर में दिए गए टॉस्क के बारे में भी पूरी जानकारी लेंगे। किन-किन नेताओं को बुलाया गया है, इसका खुलासा भाजपा संगठन नहीं कर रहा है। मीडिया को पूरी तरह से बैठक से दूर रखा जाएगा। ठाकरे परिसर छावनी में तब्दील होगा, क्योंकि श्री शाह रात को वहां पर विश्राम करेंगे। अगली सुबह से 10.30 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री श्री शाह ने अचानक इस माह से छत्तीसगढ़ की चुनावी कमान अपने हाथ में ले ली है। चार अलग-अलग स्तर पर हुए सर्वे में छत्तीसगढ़ में भाजपा की स्थिति ठीक नहीं आई है। यही वजह है कि अब श्री शाह ने कमान संभालकर यहां पर लगातार चुनावी रणनीति बनाने का फैसला किया है। इसके पहले वे यहां पर 5 जुलाई की रात को आए थे और महज पांच नेताओं से चर्चा करने के बाद उनको टॉस्क देकर लौट गए थे।
इन नेताओं के साथ ही बनेगी रणनीति
श्री शाह के साथ बंद कमरे में होने वाली बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के अलावा प्रदेश महामंत्री भी रहेंगे।
घोषणा पत्र समिति से भी चर्चा संभव
जानकारों का कहना है, श्री शाह के निर्देश पर ही घोषणा पत्र और आरोप पत्र समिति बनाई गई है। इन दोनों समितियों की बैठक भी हो चुकी है। घोषणा पत्र समिति की बैठक में तय किया है कि 90 विधानसभाओं में लोगों के सुझाव लेने के लिए अलग-अलग वर्गों की समितियां जाएंगी। इसी के साथ हर विधानसभा में एक-एक सुझाव पेटी भी रखी जाएगी। श्री शाह घोषणा पत्र समिति के संयोजक और तीन सह संयोजकों के साथ ही आरोप पत्र समिति के संयोजक से भी चर्चा कर सकते हैं। श्री शाह संभाग के प्रभारियों से भी बात करके उनसे रिपोर्ट ले सकते हैं। भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है श्री शाह किन को बुलाकर बात करके कुछ भी तय नहीं है, वे किसी से भी बात कर सकते हैं, ऐसे में सभी जिनसे भी उनकी बात करने की संभावना है, वे सब लोग ठाकरे परिसर में रहेंगे।

Related Articles

Back to top button