P-notes के जरिए निवेश मई में 5 साल के उच्चस्तर पर पहुंचा, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड जानकारी  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

P-notes के जरिए निवेश मई में 5 साल के उच्चस्तर पर पहुंचा, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड जानकारी 

नई दिल्ली: पी-नोट्स के जरिये घरेलू पूंजी बाजारों में निवेश मई के अंत में बढक़र 1.04 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो पांच साल का उच्चतम स्तर है।  इस निवेश में भारत के इक्विटी, ऋण या बॉन्ड एवं हाइब्रिड प्रतिभूतियों में किए गए पी-नोट्स निवेश का मूल्य शामिल है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों से पता चलता है कि मई लगातार तीसरा महीना रहा जब पी-नोट्स के जरिए घरेलू बाजारों में निवेश बढ़ा है। आंकड़ों के हिसाब से मई का पी-नोट्स निवेश मूल्य पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक है।

इसके पहले मार्च, 2018 में निवेश के इस माध्यम से 1.06 लाख करोड़ रुपये आए थे। पार्टिसिपेटरी नोट्स यानी पी-नोट्स को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) उन विदेशी निवेशकों को जारी करते हैं जो भारतीय बाजारों में अपना पंजीकरण कराए बगैर यहां पर निवेश करना चाहते हैं। हालांकि, इसके लिए जांच-परख की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। जानकारी के अनुसार, भारतीय बाजारों में पी-नोट्स के जरिये इक्विटी, ऋण एवं हाइब्रिड प्रतिभूतियों में किए गए निवेश का मूल्य मई के अंत में 1,04,585 करोड़ रुपए रहा जबकि अप्रैल के अंत में यह 95,911 करोड़ रुपए था। इसके पहले मार्च, 2023 में पी-नोट्स के जरिये 88,600 करोड़ रुपये और फरवरी में 88,398 करोड़ रुपये का निवेश भारत आया था। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि पी-नोट्स मार्ग से निवेश बढ़ना अनिश्चित वैश्विक परिदृश्य में भारतीय अर्थव्यवस्था के जुझारूपन को दर्शाता है। इसके अलावा चीन में सुस्ती आने से भी विदेशी निवेशक भारत की तरफ आर्किषत हुए हैं।

Related Articles

Back to top button