भाजपा अब हर लोकसभा में झोंकेंगी ताकत, सम्मेलनों में आएंगे केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय नेता

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा संगठन ने अब विधानसभा चुनाव काे देखते हुए लोकसभाओं में ताकत झोंकने का फैसला किया है। दरअसल केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर प्रदेश की हर लोकसभा में सम्मेलनों का आयोजन किया गया है। इसी के साथ और भी कई कार्यक्रम होंगे। इसके लिए केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय नेताओं काे भी जिम्मा दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को जहां चार लोकसभाओं का जिम्मा सौंपा गया है, वहीं प्रदेश प्रभारी ओम माथुर पांच लोकसभाओं के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। बस्तर की दो लोकसभाओं का जिम्मा केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह को दिया गया है। हर लोकसभा में दो राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बुलाया जा रहा है जो उस लोकसभा में होने वाले अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भाजपा के सहप्रभारी नितिन नवीन को भी चार लोकसभाओं का जिम्मा दिया गया है।
एक माह तक होंगे कार्यक्रम
केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने एक माह का कार्यक्रम तय किया है। भाजपा इस अवसर को एक महोत्सव के रूप में मनाने जा रही है। पार्टी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मोदी के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई है। 23 जून को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के दिन नरेन्द्र मोदी डिजिटल रैली के माध्यम से 10 लाख बूथों पर समर्थकों, समाज में काम करने वाले लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद एवं संपर्क करेंगे।
बस्तर-कोरबा में गिरीराज सिंह
बस्तर और कोरबा की लोकसभा में होने वाले कार्यक्रमों के लिए केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह और हरियाणा की सांसद सुनीता दुग्गल को जिम्मा दिया गया है। बस्तर में जहां सुनीता दुग्गल 6 और 7 जून को रहेंगी, वहीं गिरीराज सिंह 8 और 9 जून के कार्यक्रम में रहेंगे। कोरबा में सुनीता दुग्गल 8 और 9 जून, गिरीराज सिंह 20 से 22 जून तक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
पांच लोस में माथुर
भाजपा के प्रदेश प्रभारी पांच लोकसभाओं के कार्यक्रमों में रहेंगे। इसी के साथ ओडिशा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष समीर मोहंती तीन लोकसभा में रहेंगे। श्री माथुर 11 जून को रायपुर, 12 को महासमुंद, 13 को दुर्ग, 14 राजनांदगांव और 15 को कांकेर के कार्यक्रमों में रहेंगे। इसी तरह से श्री मोहंती 2 और 3 जून को महासमुंद, 4 को दुर्ग और 5 को राजनांदगांव के कार्यक्रमों रहेंगे।
कुलस्ते 4 लोस में रहेंगे
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और सह प्रभारी नितिन नवीन सरगुजा और बिलासपुर संभाग के लोकसभा के कार्यक्रम में रहेंगे। श्री कुलस्ते 11 जून को जांजगीर चांपा, 12 को बिलासपुर, 14 को रायगढ़ और 15 को सरगुजा लोकसभा के कार्यक्रमों में रहेंगे। इसी तरह से श्री नवीन 7 और 8 जून को जांजगीर चांपा, 12, 13 सरगुजा, 14, 15 जून रायगढ़ और 19 से 21 जून तक बिलासपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।



