शराब घोटाले पर भाजपा का बड़ा दांव, मुद्दा बनाने घर-घर जानकारी देने बनाया वीडियाे

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा संगठन किसी भी मौके काे छोड़ना नहीं चाहता है, जो भी बड़ा मुद्दा नजर आ रहा है, उसको लपक कर बड़ा मुद्दा बनाने का काम किया जा रहा है। अब शराब घोटाले काे ही ले लें। अब भाजपा ने शराब घोटाले को भी बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने का फैसला किया है। इसको लेकर भाजपा के कोषाध्यक्ष और सीए नंदन जैन ने एक विडियो बनाया है जिसमें बताया गया कि किस तरह से दो हजार करोड़ का घोटाला किया गया है। इस वीडियो को भाजपा कार्यकर्ताओं को भेजकर इसको घर-घर तक पहुंचाने के लिए कहा गया है।चुनावी साल में भाजपा लगातार एक के बाद एक मुद्दों को चुनावी मुद्दा बनाने में लगी है। पीएम आवास के बाद भाजपा ने अब शराब घोटाले को भी बड़ा मुद्दा बनाने का फैसला किया है। चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश के हर मतदाता तक यह जानकारी पहुंचाना चाहती है कि किस तरह से शराब का बड़ा घोटाला किया गया।
वीडियो में बताया कैसे हुआ घोटाला
ईडी ने शराब घोटाले में दो हजार करोड़ के घोटाले की बात की है। यह घोटाला किस तरह से किया गया है, इसके बारे में भाजपा के कोषाध्यन नंदन जैन ने एक विडियो में ग्राफिक्स के माध्यम से बताया है। इसमें बताया गया कि कि घोटाला तीन चरणों में हुआ है। पहले चरण में शराब दुकानों में भेजी गई शराब के हर कार्टून पर 75 से 150 रुपए का कमीशन लिया गया। एक साल में दो करोड़ कार्टून से तीन सौ करोड़ कमाए गए। इसी के साथ शराब दुकानों में भेजी जाने वाली हर सौ बॉटल में से 40 बॉटल नकली और अवैध शराब भेजकर बेची गई, इससे 15 सौ करोड़ की कमाई की गई, जिसके बारे में ईडी ने भी बताया है। विदेशी शराब से दो सौ करोड़ का कमीशन कमाया गया। कुल मिलाकर दो हजार करोड़ का घोटाला किया गया। वीडियो में यह बताया गया कि दो हजार करोड़ का घोटाला एक साल में किया गया। चार साल में आठ हजार करोड़ के घोटाले की बात की गई है।
घर-घर में बताएंगे
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता का कहना है, शराब घोटाले को मुद्दा बनाकर हर घर तक इसको पहुंचाने का काम हमारे कार्यकर्ता करेंगे। उनको वीडियो भेजा जा रहा है। हमारे कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के घोटालों की पोल खोलने का काम जनता के बीच जाकर करेंगे।