भाजपा चुनावी मोड में, हर लोकसभा में होगी चुनावी सभा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा चुनावी मोड में, हर लोकसभा में होगी चुनावी सभा

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा संगठन अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गया है। जहां एक तरफ प्रदेश सरकार के खिलाफ कई मुद्दों पर मोर्चा खोला गया है, वहीं अब विधानसभा चुनाव का आगाज भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से करने का फैसला किया है। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर एक माह तक होने वाले कार्यक्रमों में हर लोकसभा में आमसभा भी हाेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेताओं को बुलाया जाएगा। भाजपा ने अभी से बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई है।

केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर 30 मई से देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 51 रैलियां होंगी। इसका आगाज 30 और 31 मई को मप्र और हरियाणा से होगा। जून में प्रधानमंत्री मोदी की एक रैली छत्तीसगढ़ में भी होगी। इसको लेकर तैयारी चल रही है। श्री मोदी से रैली के लिए समय मिलने पर तैयारियों को और तेज किया जाएगा। प्रधानमंत्री की रैली का स्थान अभी तय नहीं है। भाजपा का बड़ा फोकस बस्तर और सरगुजा पर है। ऐसे में संभावना इसमें से किसी एक में प्रधानमंत्री की रैली होने की है। वैसे राजधानी रायपुर में रैली कराने की संभावना जताई जा रही है।

आएंगे केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता

भाजपा ने हर लोकसभा में एक-एक आमसभा करने की तैयारी की है। इसको लेकर जिलों में बैठकों का दौर चल रहा है। इसमें तय किया जाएगा कि किस लोकसभा में कहां पर आमसभा होगी। हर आमसभा में 50 से एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। हर सभा में जहां प्रदेश के सभी दिग्गज नेता रहेंगे, वहीं दिल्ली से किसी केंद्रीय मंत्री या राष्ट्रीय स्तर के नेता को बुलाया जाएगा। इन आम सभाएं के बहाने भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने और राज्य सरकार पर हमला तेज करने की रणनीति है।

Related Articles

Back to top button