पहली बार राहर दाल में महंगाई का बड़ा उबाल, खाद्य तेलों में राहत का तड़का - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

पहली बार राहर दाल में महंगाई का बड़ा उबाल, खाद्य तेलों में राहत का तड़का

रायपुर(realtimes) बेमौसम बारिश के कारण खराब हुई फसल के कारण पहली बार राहर दाल की कीमत चिल्हर में 140 रुपए हो गई है। इसी के साथ चना दाल को छोड़कर बाकी दालें भी सौ रुपए के पार हैं। इधर तेलों की कीमत में जरूर राहत है। पिछले साल जो सोया तेल 150-160 रुपए तक चला गया था, वह इस समय थोक में सौ रुपए और चिल्हर में 110-120 रुपए है। दूसरे तेलों की कीमत भी बहुत कम हो गई है।
देश में पिछले कुछ सालों से लगातार राहर दाल का उत्पादन कम होते जा रहा है। तीन साल पहले 2021 में राहर दाल का उत्पादन 42 लाख टन था। यह पिछले साल घटकर 34 लाख टन हो गया। इस साल इसका उत्पादन 29.5 लाख टन हो गया है। इस बार बेमौसम बारिश के कारण भी फसल खराब हुई है। यही वजह है कि कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है।
तीन माह में बढ़े 30 रुपए दाम
राहर दाल की कीमत तीन माह में तीस रुपए बढ़ चुकी है। वैसे इस साल की बात करें तो कीमत में 40 रुपए का इजाफा हुआ है। साल के प्रारंभ में कीमत सौ रुपए थी, लेकिन इसके बाद फरवरी से लगातार कीमत बढ़ रही है। इस समय चिल्हर में अच्छी दाल 140 रुपए और थोक में 130 रुपए है। थोड़ी कम क्वालिटी की दाल थोक में 120 और चिल्हर में 130 रुपए है। अन्य दालों की बात करें तो चना दाल ही इस समय 75 से 80 रुपए है। बाकी सौ रुपए के पार है। मूंग दाल धुली 120, उड़द दाल 120, उड़द दाल धुली 130 रुपए किलो है।
तेलों की कीमत बड़ी राहत
खाद्य तेलों की कीमत में बड़ी राहत मिली है। इसकी कीमत लगातार कम हो रही है। जो सोया तेल पिछले साल 150 से 160 रुपए हो गया था, वह अब 110 से 120 रुपए हो गया है। सरसों तेल ते दो सौ रुपए पार हो गया था, लेकिन अब यह अच्छे ब्रांड का थोक में 130 और चिल्हर में 150 रुपए बिक रहा है। अन्य ब्रांड का सरसों तेल थोक में 110 से 125 रुपए और चिल्हर में 120 से 140 रुपए बिक रहा है। फल्ली तेल अच्छे ब्रांड का थोक में 180 और चिल्हर में 190, सनफ्लावर थोक में 100 से 120 और चिल्हर में 120 से 140 रुपए में बिक रहा है।

Related Articles

Back to top button