दस हजार बूथों में आज जुटेंगे दस लाख, जानें माजरा क्या है

रायपुर, छत्तीसगढ़ के 25 हजार बूथों में से दस हजार बूथों पर एक साथ दस लाख लाेग जुटने वाले हैं। आखिर ऐसा क्या हाे रहा है जाे इतनी बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम के सौवें एपिसोड को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने यादगार बनाने के लिए हर विधानसभा के सौ बूथों में सौ लोगों के साथ कार्यक्रम करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा संगठन ने प्रदेश के दस हजार बूथों में दस लाख लोगों के साथ इस कार्यक्रम को सुनने की योजना तैयार की है। रविवार को प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में बड़े नेता भी एक-एक बूथ में जाएंगे। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भानसोज के बूथ में जाएंगे। राजधानी रायपुर में कार्यक्रम को अलग ही रंग देने की तैयारी है। एक बूथ में जहां मोदी की टी-शर्ट देकर कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा, वहीं रायपुर पश्चिम के सभी बूथों में कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए 51 हजार कार्ड भी बांटे गए हैं।
प्रदेश में 90 विधानसभाएं हैं। हर विधानसभा में सौ से ज्यादा बूथों में मोदी के मन की बात कार्यक्रम को आम जनों को सुनाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में जहां भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शामिल हाेंगे, वहीं आम जनों को भी आमंत्रित किया गया है। इसी के साथ हर बूथ के कार्यक्रम के लिए एक मुख्य अतिथि भी तय किया गया है। इसी के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को हर बूथ में सम्मानित भी किया जाएगा। किसी बूथ में एक तो किसी में आधा दर्जन लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
देंगे मोदी टी-शर्ट
राजधानी रायपुर के रामसागर पारा मंडल के बूथ क्रमांक 67 के प्रभारी जयराम दुबे ने बताया, उनके बूथ में होने वाले कार्यक्रम में जो लोगों आएंगे, उनमें से पहले आने वाले करीब दो दर्जन को मोदी टी-शर्ट दी जाएगी। यह टी-शर्ट विशेष रूप के दिल्ली से मंगाई गई है। इस बूथ में आधा दर्जन रिटायर बुजुर्गों का सम्मान भी किया जाएगा।
51 हजार आमंत्रण पत्र
रायपुर पश्चिम विधानसभा में हर बूथ में दो सौ लोगों को आमंत्रित करने के लिए विधानसभा के 256 बूथों के लिए 51 हजार आमंत्रण पत्रों का प्रकाशन करवाया है। ये आमंत्रण पत्र बांटे भी दिए गए हैं। हर बूथ में लोगों का सम्मान भी किया जाएगा। रायपुर दक्षिण में 102 बूथों में कार्यक्रम होगा। इसी तरह से रायपुर उत्तर और ग्रामीण में भी सौ-सौ बूथों से ज्यादा में कार्यक्रम रखा गया है।



