भाजयुमो अपने ही आंदोलन पर गंभीर नहीं

रायपुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा का सबको भत्ता, पूरा भत्ता के नारे के साथ आज से प्रदेश भर में रोजगार दफ्तरों का घेराव करने का आंदाेलन हाेना है, लेकिन भाजयुमो अपने ही आंदोलन काे लेकर गंभीर नहीं है। एक ताे पहले ही दिन कहीं कोई आंदोलन नहीं है, साथ ही प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत काे एक दिन पहले रात तक कहां-कहां पर आंदोलन होना है, इसकी भी जानकारी नहीं थी। आंदोलन काे भी 26 अप्रैल के स्थान पर 29 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
प्रदेश भाजपा संगठन ने अलग-अलग मोर्चा को आंदोलन करने का टॉस्क दिया है। भाजयुमो को युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन का जिम्मा दिया गया है। पहला आंदोलन बेरोजगारी भत्ते को लेकर होगा। सबको भत्ता, पूरा भत्ता के नारे के साथ 24 से 29 अप्रैल के बीच अलग-अलग जिलों में रोजगार दफ्तरों का घेराव किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार से सभी बेरोजगारों को साढ़े चार साल का पूरा भत्ता देने की मांग रखी जाएगी।
भ्रष्टाचार पर होगा हल्ला बोल
भाजयुमो को दूसरे मुद्दे के रूप में भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन करने का जिम्मा सौंपा गया है। इसमें पहली कड़ी के रूप में हर मंडल से 21 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी और तहसील कार्यालय तक जाएगी और वहां पर आंदोलन होगा। एक तहसील में दो से तीन मंडल होने पर सभी मंडल अलग-अलग स्थानों से पदयात्रा निकालकर तहसील दफ्तर तक पहुंचकर वहां पर प्रदर्शन करेंगे। यह आंदोलन मई में होगा। इसके बाद भ्रष्टाचार को लेकर ही संभागों में 20-20 हजार कार्यकर्ता जुटाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



