हर मतदाता के घरों तक पहुंचने लगे भाजपा के कार्यकर्ता - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

हर मतदाता के घरों तक पहुंचने लगे भाजपा के कार्यकर्ता

रायपुर. विधानसभा चुनाव काे जीतने के लिए भाजपा ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हर मतदाता से वन-टू-वन बात करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता मतदाताओं के घरों तक पहुंचने लगे हैं।  इसके लिए भाजपा दस लाख कार्यकर्ताओं को झाेंक रही है। प्रदेश में एक करोड़ 92 लाख 56 हजार मतदाता हैं। 20 मतदाताओं के पीछे एक कार्यकर्ता रहेगा। हर बूथ में 30 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम काम करेगी। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ हैं। इसमें से 80 फीसदी में पन्ना और पेज प्रभारी बना दिए गए हैं और उनको काम पर भी लगा दिया गया है। जहां पन्ना और पेज प्रभारी नहीं बने हैं, वहीं इस माह में हर हाल में बन जाएंगे।भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने तय किया है इस साल जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, उन राज्यों में हर मतदाता से संपर्क किया जाए। हर मतदाता तक केंद्र सरकार की योजनाओं को भी पहुंचाना है, ताकि मतदाता भाजपा के पक्ष में मतदान करें और भाजपा को समझ सकें। भाजपा की इस सोच के पीछे सबसे बड़ा कारण गुजरात की जीत बताई जा रही है। गुजरात में हर मतदाता से संपर्क किया गया और उनको भाजपा के कामों की जानकारी देने पर पार्टी को वहां पर बड़ी जीत मिली है। गुजरात का ही फार्मूला अब ज्यादातर राज्यों में अपनाने का काम भाजपा कर रही है। छत्तीसगढ़ में भी इसको लागू किया गया है।
हर बूथ के लिए रणनीति
राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश भाजपा संगठन ने हर बूथ के लिए रणनीति बनाई है। इसके तहत सबसे अहम यह है कि हर बूथ के जितने भी मतदाता हैं, उन तक पहुंचना है। इसके लिए जो रणनीति बनाई गई है, उसमें तय किया गया है कि हर बूथ में आठ सौ से 12 सौ तक मतदाता होते हैं। हर बूथ में आगे और पीछे के पेज को मिलाकर 60 मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर बूथ में 13 से 20 पेज तक होते हैं। हर पेज के लिए, जिसमें 60 मतदाता होंगे, भाजपा ने एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखने का काम किया है।
हर मतदाता के घर पर दस्तक

हर पेज के लिए जो तीन कार्यकर्ता नियुक्ति किए गए हैं, वे सभी मतदाताओं के घरों तक जा रहे हैं। एक-एक कार्यकर्ता को 20-20 मतदाताओं के घरों तक जाने का जिम्मा दिया गया है। कार्यकर्ता मतदाताओं से वन-टू-वन बात करके हर मतदाता की समस्या जानकर उनकी समस्या का निराकरण करने का काम करेंगे। हर मतदाता को भाजपा के बारे में बताने के साथ, यह बताया जाएगा कि केंद्र की भाजपा सरकार क्या-क्या कर रही है और जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उसने क्या किया था और अब कांग्रेस की सरकार ने किस तरह से वादाखिलाफी करने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button