पिरदा चौक में सभा के बाद विधानसभा घेरने निकलेंगे भाजपाई - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पिरदा चौक में सभा के बाद विधानसभा घेरने निकलेंगे भाजपाई

रायपुर. राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का फैसला किया है। विधानसभा का घेराव करने से पहले पिरदा चौक में बड़ी सभा होगी। इसमें भाजपा नेताओं के उद्बोधन के बाद भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने निकलेंगे। आंदोलन में एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का दावा किया जा रहा है। रायपुर जिले की सातों विधानसभाओं को जहां पांच-पांच हजार की भीड़ लाने का लक्ष्य दिया गया है, वहीं जिले की दो विधानसभाओं से भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में भीड़ लाने कहा गया है। सभा के लिए स्थल का सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और महामंत्री केदार कश्यप सहित भाजपा नेताओं ने अवलोकन किया।पीएम आवास को लेकर भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया है। दो माह से ज्यादा समय से गांव-गांव में इसको लेकर आंदोलन किया गया है। गांवों से निकला आंदोलन विधानसभाओं तक पहुंचा और कांग्रेस के विधायकों का घेराव किया गया, अब अंतिम चरण में विधानसभा का घेराव होगा। इसके लिए पूरी रणनीति तैयार हो गई है।
रायपुर जिले से 40 हजार होंगे शामिल
आंदोलन में भीड़ जुटाने का सबसे बड़ा जिम्मा रायपुर जिले की 9 विधानसभाओं को दिया गया है। इसमें सबसे अहम राजधानी रायपुर की चार विधानसभाओं के दिग्गज नेताओं को बड़ा जिम्मा दिया गया है। रायपुर दक्षिण से बृजमोहन अग्रवाल, पश्चिम से पूर्व मंत्री राजेश मूणत, उत्तर से पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी और ग्रामीण से पूर्व विधायक नंदे साहू को अपनी-अपनी विधानसभा से पांच-पांच हजार की भीड़ लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी तरह से रायपुर ग्रामीण जिले की तीनों विधानसभाओं आरंग, अभनपुर और धरसींवा को भी पांच-पांच हजार का लक्ष्य मिला है। इसके अलावा बलौदाबाजार और भाटापारा विधानसभा को मिलाकर पांच हजार की भीड़ लाने कहा गया है। प्रदेश की बाकी विधानसभाओं से एक-एक हजार की भीड़ लाने कहा गया है। कुल मिलाकर एक लाख लोगों को एकत्रित करना है।

Related Articles

Back to top button