रायपुर की धर्मसभा में बड़े संतों के साथ देश भर के 500 संत जुटेंगे, 16 काे बाइक रैली

रायपुर. प्रदेश में चारों दिशाओं से मां आदिशक्ति के दरबारों से निकली संतों की पदयात्रा का अंतिम पड़ाव चल रहा है। यात्रा तीन दिन बाद राजधानी पहुंचेगी। 18 मार्च को सारे संत राजधानी की झुग्गी बस्तियों में दलितों के घरों तक जाएंगे और वहां पर भोजन भी करेंगे। इसके बाद 19 को रावणभाठा मैदान में बड़ी धर्म सभा होगी। इसमें देश के कई बड़े संतों के साथ 500 संत जुटेंगे। धर्मसभा की जानकारी देने के लिए ही 16 मार्च को रायपुर में संतों के साथ एक बड़ी बाइक रैली निकाली जा रही है।
देश भर के संत इस समय एक ही बात पर मंथन और चिंतन कर रहे हैं और वह है हिंदू राष्ट्र। हर संत चाहता है कि अब भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने में देर नहीं करनी चाहिए। यही वजह है कि अपने राज्य के संतों ने एक मत से हिंदू राष्ट्र का अलख जगाने के लिए राज्य की चारों दिशाओं से संतों की पदयात्रा का आयोजन किया है। यात्रा का अब अंतिम पड़ाव में है और इसका 17 मार्च को रायपुर आगमन होगा।
ये संत रहेंगे धर्म सभा में
रायपुर में 19 मार्च को रावणभाठा मैदान में एक बजे से होने वाली धर्मसभा में महामंडलेश्वर जुना पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरी, स्वामी जितेंद्रनन्द सरस्वती (महामंत्री अखिल भारतीय संत समिति कांशी), महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरा नंद सरस्वती ( महामंडलेश्वर मुंबई) स्वामी संपूर्णानंद (पूज्य संत आर्य समाज हरियाणा) साध्वी प्राची (देहरादून), महामंडलेश्वर ज्योतिर्मयानंद (हरिद्वार), युधिष्ठिर लाल महाराज (शदाणी दरबार रायपुर), महंत रामलोचन दास (निर्मोही अखाडा चित्रकूट धाम) श्रीराम बालकदास (पाटेश्वर धाम बालोद जिला छत्तीसगढ़) स्वामी परमात्मानंद, प्रेम स्वरूपानंद, कौशल राम, श्याम महाराज, रामानंद महाराज, रामानंद सरस्वती, आचार्य राजेश, स्वामी सर्वेश्वर दास, स्वामी राम रूपदास, स्वामी तारकेश्वर पूरी, त्रिवेणी दास आदि प्रमुख संत उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ व देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संत आएंगे।
16 को बाइक रैली
राजधानी रायपुर में रावणभाठा मैदान से 16 मार्च को बाइक रैली निकलेंगे। इसमें रायपुर के कई समाज के संतों के साथ तीन हजार की संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल होंगे। रैली झुग्गी बस्तियों में जाएगी और वहां पर लोगों को 18 मार्च को उनकी बस्तियों में संतों के आगमन की जानकारी देने के साथ 19 को होने वाली धर्म सभा के बारे में बताते हुए धर्म सभा में सबको आने का न्यौता दिया जाएगा।



