हाेलिका दहन के बाद आज चारों दिशाओं की पदयात्रा के संत खेलेंगे दलितों संग रंग गुलाल

रायपुर. राज्य में पहली बार आदिशक्ति मां के चार दरबारों से एक साथ निकली संतों की पदयात्रा में मंगलवार को संतों का पड़ाव जहां पहुंचा वहां पर रात को दलितों के साथ होलिका दहन किया गया है। अब संतों की पदयात्रा होली के दिन भी सुबह से निकली है। तय स्थान पर यात्रा पहुंचकर रुकेगी और यहां पर संत और उनके साथ पदयात्रा करने वाले सभी दलित बस्तियों में जाकर होली खेलेंगे।माँ बम्लेश्वरी डोंगरगढ़ से महंत सर्वेश्वर दास के नेतृत्व में निकली यात्रा कल धमधा पहुंची है। यहां पर तय समय पर दलितों के साथ होलिका दहन किया गया। अब सुबह यात्रा घोंटा मोहंदी पहुंचेगी और यहां पर दलितों के साथ रंग गुलाल खेला जाएगा। इसी तरह से मां दंतेश्वरी से त्रिवेणी दास के नेतृत्व में निकली यात्रा ने लखनपुरी में होलिका दहन किया। अब आज इनकी यात्रा चारामा पहुंचेगी और यहां पर होली होगी। मां महामाया से परमात्मा नंद के नेतृत्व में निकली यात्रा ने जोगीसार में होलिका दहन किया। आज कारी आम में होली मनेगी। मां चंद्रहासिनी से यात्रा का आगाज करने वाले राकेश महाराज की यात्रा ने कल रायगढ़ में होलिका दहन किया। इनकी आज दलितों के साथ चंद्रपुर में होली होगी।
दलितों के घरों पर लगातार भोजन
चारों दिशाओं की यात्रा के संत जहां भी पहुंच रहे हैं, वहां पर दलितों के घरों पर जाकर भोजन कर रहे हैं। दंतेश्वरी मंदिर से यात्रा का आगाज करने वाले त्रिवेणी दास महाराज ने बताया, उनकी यात्रा में दलित भी शामिल हैं। दलित बहनें ही खाना बनाने के साथ ही यात्रा में शामिल सभी को खाना भी परोस रही हैं। इसी तरह से दूसरे संतों की यात्रा में पंगत भी हो रही है और दलितों के घरों पर खाना भी खाया जा रहा है।
रायपुर में 19 को धर्मसभा
चारों दिशाओं की यात्रा 17 मार्च को रायपुर पहुंचेेेगी। यहां आने के बाद सभी संत 18 मार्च को राजधानी रायपुर में अलग-अलग दलितों की बस्तियों में जाकर उनसे मिलेंगे और उनके घरों पर भोजन भी करेंगे। 19 मार्च को रावणभाठा मैदान में बड़ी धर्म सभा होगी। इसमें योगी आदित्यनाथ के साथ देश भर के कई संत शामिल होंगे।