जयराम रमेश बाेले- माेदी सरकार ने की बाेलने की स्वतंत्रता खत्म

रायपुर। कांग्रेस के महाधिवेशन में शामिल होने रायपुर पहुंचे एआईसीसी के संचार प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, इस समय भारतीयों की स्वतंत्रता खतरे में है। माेदी सरकार में पहले बोलने की स्वतंत्रता खत्म की गई और अब तो हालात ये हैं कि फ्रीडम ही खतरे में है।
पत्रकाराें से चर्चा करते हुए श्री रमेश ने कांग्रेस के तीन दिनी महाधिवेशन की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पहले दिन मतलब 24 तारीख को 10 बजे स्टेयरिंग कमेटी की बैठक होगी। शाम 4 बजे सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी। जहां 6 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। अगले दिन 25 तारीख को राजनीतिक, आर्थिक और अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा होगी। 26 तारीख को कृषि, किसान कल्याण, युवा-रोजगार और शिक्षा एवं सामाजिक न्याय पर बात करेंगे। इसी दौरान स्टेयरिंग कमेटी के निर्णयों पर भी चर्चा की जाएगी।
भारत जाेड़ाे यात्रा से भाजपा बौखलाई
श्री रमेश ने कहा भारत जोड़ो यात्रा के बाद बीजेपी बहुत बौखलाई हुई है। भाजपा लगातार राहुल गांधी की आलोचना कर रही है। साफ है कि भाजपा घबराई हुई है। यात्रा समाप्त हो गई है, लेकिन उनकी घबराहट खत्म नहीं हुई। चार दिन पहले छत्तीसगढ़ में हमारे नेताओं पर ईडी के छापे पड़े। हमारे अधिवेशन को तोड़ने का प्रयास किया गया।
प्रतिशाेध की राजनीति
आज सुबह मोदी सरकार की प्रतिशोध की राजनीति फिर दिखाई दी। हमारे मीडिया विभाग के प्रमुख पर तीन-तीन एफआईआर कर दी गई। उन्हें हवाई जहाज से उतार लिया गया। न्यायपालिका ने उन्हें राहत दी है। इससे हमें देखने मिला कि टाइगर जिंदा है, सुप्रीम कोर्ट लोकतंत्र के लिए ज्योति है। हमारे देश के शहरों में मदर ऑफ डेमोक्रेसी के पोस्टर लगाए हुए हैं, लेकिन दरअसल ये मर्डर ऑफ डेमोक्रेसी है।
हम अडानी के हैं कौन श्रृंखला
श्री रमेशन ने कहा, हमकाे लगातार तरह-तरह से धमकी दी जा रही है, हम डरेंगे नहीं। पार्लियामेंट में हम जो बोलते हैं रिकार्ड से बाहर किया जाता है। पार्लियामेंट से बाहर हम बोलते हैं तो हम पर एफआईआर कर दी जाती है। हमने 15 दिन में प्रधानमंत्री से 45 सवाल पूछे हैं गौतम अडानी के घोटाले के संबंध में। अधिवेशन के बाद हम फिर पूछेंगे। इसे हमने हम अडानी के हैं कौन श्रृंखला कहा है। इसके तीन सवाल हम फिर पूछेंगे। सरकार इसमें बुरी तरह फंसी हुई है। प्रधानमंत्री की इसमें भूमिका है। करोड़ों भारतीयों की बचत को अडानी की कंपनियों में लगवाया गया है।



