चुनावी साल में कांग्रेस-भाजपा के कई नेताओं में धार्मिक आयोजन कराने की होड़

रायपुर. राज्य में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस ने नेताओं में धार्मिक आयोजन कराने की होड़ लगी हुई है। राजधानी रायपुर के साथ कई जिलों में पिछले कुछ माह से पूरा वातावरण अध्यात्मिक और धार्मिक हो गया है। अभी दाे दिन पहले ही दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने 21 हजार श्रद्धालुओं के साथ सुंदरकांड का पाठ कराके दो विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं। प्रदेश के मंत्री शिव डहरिया के क्षेत्र चंदखुरी में भव्य रामलीला हो रही है। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल बिलासपुर में 10 फरवरी से रामचरित मानस पाठ का आयोजन कर रहे हैं। इस आयोजन में दस हजार महिलाओं की कलश यात्रा निकलेगी।धार्मिक आयोजन का होना कोई नया नहीं है, हमेशा से राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश भर में साल भर कई अवसरों पर धार्मिक आयोजन होते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से प्रदेश में होने वाले धार्मिक आयोजनों से भाजपा और कांग्रेस के नेता जहां अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं, वहीं नेता खुद भी सामने आकर धार्मिक आयोजन करा रहे हैं।
राजधानी रायपुर से शुरुआत

राजधानी रायपुर में पिछले साल शिव महापुराण का आयोजन प्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने किया। पहली बार लोगों ने शिव पुराण की महाकथा देखी। इसमें भारी जनसैलाब उमड़ा। यह आयोजन भाजपा नेता बंसत अग्रवाल ने करवाया। इसके बाद भाटापारा के विधायक शिवरतन शर्मा ने भी प्रदीप मिश्रा से शिव महापुराण कथा करवाई। रायपुर में ही बागेश्वर महाराज धीरेंद्र शास्त्री का प्रवचन हुआ। इस आयोजन में भी भाजपा और कांग्रेस के नेता जुड़े रहे।
भाजपा नेताओं के ज्यादा आयाेजन
भाजपा नेता धार्मिक आयोजन के मामले में ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक दिन पहले ही दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने भिलाई के जयंती स्टेडियम में सुंदर कांड के पाठ का आयोजन करवाया। इसमें 21 हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ पाठ करके दो विश्व रिकॉर्ड बनाए। इसके पहले बसना में भाजपा नेता संपत अग्रवाल ने भागवत कथा का आयोजन किया। इसमें एक ही रंग की साड़ियों में 30 हजार महिलाओं ने कलश यात्रा निकालकर विश्व रिकार्ड बनाया। पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने कुरूद में 6 से 13 जनवरी तक जया किशोरी की भागवत कथा का आयोजन कराया। भाजपा नेता संयोगिता जूदेव ने चंद्रपुर में भागवत कथा का आयोजन करवाया। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने सावन के महीने में अंतिम सावन सोमवार के दिन खमतराई से महादेव घाट तक शिव बारात का आयोजन किया। इसी के साथ दादाबाड़ी में प्रवचन का भी आयोजन करवाया।
कांग्रेसी नेता भी पीछे नहीं
कांग्रेस के नेता भी लगातार आयोजन कर रहे हैं। विकास उपाध्याय ने सावन के समय में सबसे पहले बड़ी कावड़ यात्रा का आयोजन किया। इसके बाद से वे रायपुर में होने वाले कई आयोजनों में अप्रत्यक्ष रूप से भी जुड़े हुए हैं। इस समय प्रदेश के मंत्री शिव डहरिया के क्षेत्र में भव्य रामलीला का आयोजन वैष्णवी एंटरटेनमेंट करवा रहा है। बेमेतरा के विधायक आशीष छाबड़ा भागवत कथा करा रहे हैं। इसके पहले महासमुंद के विधायक विनोद चंद्राकर भी भागवत कथा करा चुके हैं। प्रदेश सरकार ने हर साल माता कौशल्या महोत्सव का आयोजन करने का ऐलान किया है।
अमर अग्रवाल कराएंगे रामचरित मानस
प्रदेश के पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल बिलासपुर में 10 से 19 फरवरी तक भव्य रामचरित मानस पाठ का आयोजन करने की तैयारी में है। इसमें दस हजार महिलाओं की कलश यात्रा भी निकालने की तैयारी है। पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम अपने क्षेत्र में शिव पुराण का आयोजन करने की तैयारी कर रहे हैं। अगले माह इसका आयोजन होगा।