15 जनवरी से फिर गूंजेगी शहनाई, हर सेक्टर में हाेगी जमकर कमाई

रायपुर(realtimes) शादियों के सीजन पर एक माह के खरमास के ब्रेक के बाद नए साल में 15 जनवरी से फिर से शहनाई गूंजेगी तो मार्च तक चलेगी। इस बार भी पिछले दो माह की तरह ही हर सेक्टर में जमकर कमाई हाेगी। बाजार में इस समय बहुत रौनक है। इसी के साथ तीन माह में जो 28 मुर्हूत हैं, उसके लिए अभी से ज्यादातर होटल और मैरिज हॉल पैक हो गए हैं। इस साल देवउठनी एकादशी के बाद मुर्हूत कम होने के कारण दीपावली से पहले ही होटल और मैरिज हॉल पैक हो गए थे। उसी तरह की स्थिति अब फिर से हो गई है। इस सीजन में पांच सौ करोड़ से ज्यादा के कारोबार के संभावना है।कोरोना की वजह से दो साल तक शादियों के सीजन प्रभावित हुए हैं। पिछले साल तो तीन सीजन के बाद नवंबर और दिसंबर के सीजन में ही रौनक लौटी थी। इसके बाद इस साल अब तक शादियों का सीजन बहुत अच्छा गया है। देवउठनी एकादशी के बाद हुई शादियों में जमकर कारोबार हुआ है। अब तो एक माह के लिए खरमास लगने के कारण शादियां नहीं हो रही हैं, लेकिन अगले माह नए साल से फिर से शादियां होंगी।
बाजार में रौनक
शादियों पर भले अभी एक माह का ब्रेक है, लेकिन इस ब्रेक में बाजार में रौनक कम नहीं हुई है। अगले माह से मार्च तक होने वाली शादियों के लिए लोग सराफा बाजार में जेवरों की खरीदारी कर रहे हैं। कपड़ा बाजार के साथ बर्तन और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी जमकर खरीदारी हो रही है।
अभी से बुकिंग
राजधानी में 50 से ज्यादा बड़े होटल और मैरिज हॉल हैं। इसमें करीब चार हजार कमरे हैं। इनमें से ज्यादातर शादियों के मुर्हूत के दिनों के लिए बुक हो गए हैं। लोग किसी भी कीमत में बाद में परेशान नहीं होना चाहते हैं, यही वजह है कि न सिर्फ जनवरी के मुर्हूत बल्कि मार्च के भी ज्यादातर मुर्हूत में होटल, मैरिज हॉल और छोटे सामुदायिक भवन भी बुक हो गए हैं। लोग अपनी हैसियत के हिसाब से बुकिंग करा रहे हैं। हाई लेवल की शादियों के लिए बड़े होटल और मैरिज हॉल बुक हो रहे हैं तो बाकी छोटे मैरिज हॉल और भवन बुक कर रहे हैं। मैरिज हॉल के साथ कैटरिंग और टेंट वालों का भरपूर कारोबार होने वाला है। कैटरिंग और टेंट कारोबार से जुड़े जसपाल सिंह होरा का कहना है, इस बार शादियों के सभी मुहूर्त के लिए कैटरिंग और टेंट की बुकिंग अभी से हो गई है। कारोबारियों की मानें तो इस सीजन में सभी सेक्टरों को मिलाकर इस बार पांच सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है।
ये हैं मुर्हूत
जनवरी 15, 16, 18,19,25, 26, 27, 30, 31
फरवरी 6,7, 8,9,10, 12,13, 14, 15, 17, 22, 23, 28
मार्च 1,5,6,9, 11, 13



