छत्तीसगढ़ के मिशन 2023 पर आज BJP का दिल्ली में मंथन

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर दिल्ली में आज मिशन 2023 पर भाजपा का मंथन हाेगा। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दिल्ली में दो दिनों की बैठक चल रही है। इस बैठक में पहले दिन लोकसभा चुनाव और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। अब आज बैठक में छत्तीसगढ़ सहित मप्र और राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और संगठन महामंत्री पवन साय गए हैं। इसके अलावा बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश के संगठन प्रभारी शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सहप्रभारी नितिन नवीन भी शामिल हो रहे हैं। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ सभी राज्यों के अध्यक्ष और संगठन महामंत्री बुलाए गए हैं। बैठक में संगठन को लेकर चर्चा होगी। इसी के साथ सबसे अहम लोकसभा चुनाव और अगले साले जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, उन राज्यों के चुनाव को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा और उनसे उन राज्यों की राजनीतिक स्थिति और मिशन 2023 को लेकर क्या चल रहा है, इसकी पूरी जानकारी ली जाएगी।
मिला मार्गदर्शन : रमन
बैठक के बारे में डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है। डॉ. रमन ने लिखा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय बैठक में उद्घाटन सत्र में शामिल हुआ। इस अवसर पर संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।



