मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

कतर के फुटबाल विश्व कप में चीनी तत्व

फीफा वर्ल्ड कप 2022 का आयोजन बहुत ही जल्द मध्य-पूर्वी देश कतर में शुरू होने वाला है। इस टूर्नामेंट की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। करीब एक महीने तक चलने वाले फुटबॉल के कार्निवल का इंतजार पूरी दुनिया में बेसब्री से किया जा रहा है। बता दें कि यह पहला मौका है जब किसी अरब देश में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। निर्धारित समय के अनुसार, 20 नवंबर से वर्ल्ड कप मैच की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। इस फुटबाल कार्निवल में 32 टीमें 18 दिसंबर तक मुकाबले खेलेंगी।

हालांकि हम सब जानते हैं कि चीन और भारत, जो विश्व में दो सबसे बड़ी आबादी वाले देश हैं, दोनों ही इस बार के फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके हैं। फिर भी इस वर्ल्ड कप में तमाम चीनी तत्वों को देखने का मौका मिल सकता है, जिनके बारे में आपको पता नहीं होगा। बताया जा रहा है कि कतर फीफा वर्ल्ड कप के मुख्य स्टेडियम से लेकर मैच में इस्तेमाल किए गए फुटबॉल तक, मध्य पूर्व में पहली बार रहने वाले विशाल पांडा से लेकर चीनी कंपनियों के फीफा विश्व कप के आधिकारिक प्रायोजक बनने तक, यहां तक कि विश्व कप से संबंधित स्मृति चिह्न। ऐसा कहा जा सकता है कि विश्व कप में हर जगह चीनी तत्वों को देखने का मौका मिल सकता है। सेंट्रल बैंक ऑफ कतर ने 9 नवंबर को फीफा वर्ल्ड कप 2022 के लिये एक विशेष संस्करण स्मृति बैंकनोट लॉन्च किया। इस नोट पर विश्व कप के मुख्य स्टेडियम यानी लुसैल स्टेडियम की तस्वीर भी लगायी गयी है। लेकिन हो सकता है कि आपको यह नहीं पता हो कि लुसैल स्टेडियम का निर्माण चीनी कंपनी द्वारा किया गया है। बता दें कि चीन रेलवे निर्माण निगम ने नवंबर 2016 में लुसैल स्टेडियम को तैयार करने का ठेका हासिल किया। यह पहला मौका था जब किसी चीनी कंपनी ने फीफा विश्व कप के मुख्य स्टेडियम के निर्माण में भाग लिया। स्टेडियम कतर की राजधानी दोहा से 15 किलोमीटर उत्तर में स्थित है, और इसमें 92 हज़ार दर्शक एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं। इस स्टेडियम में विश्व कप के सेमीफाइनल, फाइनल और समापन समारोह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और मैचों का आयोजन किया जाएगा।

उधर, दूसरी तरफ़ से लुसैल स्टेडियम के अंदर लगाए गए तीस स्क्वायर मीटर वाले एलईडी स्कोर बोर्ड स्क्रीन को भी चीनी कंपनी द्वारा बनाया गया है। इसके अलावा इस स्टेडियम में ग्रैंडस्टैंड सीट्स भी मेड इन चाइना ही हैं। अगर हम विश्व कप मैच के रेफरियों के बारे में बात करें, तो इस वर्ष के मई में फीफा ने कतर विश्व कप के लिए रेफरी की सूची जारी की। जिसमें चीन के एक रेफरी और दो सहायक रेफरी भी शामिल किए गए हैं।   वहीं, इससे पहले चीन के दो विशाल पांडा “सिहाई” और “जिंगजिंग” विश्व कप शुरू होने से एक महीने पहने कतर की राजधानी दोहा पहुंचे। और उनके 15 साल तक कतर में रहने की उम्मीद है। योजना के अनुसार इन दोनों के लिये विशेष रूप से बनाए गए पांडा भवन को भी विश्व कप शुरू होने से पहले आम लोगों के लिये खोला जाएगा, जो विश्व कप में एक और चीनी तत्व माना जा रहा है। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब किसी विशाल पांडा ने मध्य पूर्व की यात्रा की है।

इस वर्ष के विश्व कप और पिछले कई विश्व कप के दौरान, मेड इन चाइना उत्पाद अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। जिसमें फुटबॉल, ट्राफी, फुटबॉल जर्सी, तुरही, सीटी और विश्व कप से संबंधित स्मृति चिह्न आदि शामिल हैं। जैसा कि तमाम नेटिज़न्सों का कहना है, चीन कभी भी विश्व कप में ‘गैर-हाजिर’ नहीं रहा है।

(लेखक:ल्याओ चियोंग, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button