जूदेव की प्रतिमा के अनावरण में शामिल होंगे रमन, धरम, अरूण, चंदेल सहित कई भाजपा नेता पहुंचे जशपुर

रायपुर(realtimes) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुखिया मोहन भागवत आज जशपुर में भाजपा के स्वर्गीय नेता दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण दोपहर दो बजे करेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर के साथ प्रदेश भर से भाजपा के कई नेता जशपुर पहुंचे हैं।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल काैशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित कुछ और नेता रायपुर से आज सुबह 9 बजे सात सीटर विशेष विमान से जशपुर गए और वहां पहुंच भी गए हैं।। जहां प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय पहले ही जशपुर पहुंच चुके हैं, वहीं नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल सड़क मार्ग से रविवार की रात को ही जशपुर पहुंचे। श्री चंदेल ने बताया वे और प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव जशपुर के अलावा अंबिकापुर के कार्यक्रम में भी रहेंगे। प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव भी सड़क मार्ग से जशपुर गए। विधायक बृजमोहन अग्रवाल रविवार को रायपुर से सड़क मार्ग से सुंदरगढ़ ओडिशा गए और फिर वहां से देर रात को जशपुर पहुंच गए। श्री अग्रवाल भी मंगलवार को अंबिकापुर के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। मंगलवार को अंबिकापुर में संघ का बड़ा कार्यक्रम है। यहां संघ का पंथ संचलन का बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। इसमें बड़ी संख्या में प्रदेश भर के स्वयंसेवक शामिल होंगे। जशपुर के कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के अलावा प्रदेश भर के कई भाजपा नेता शामिल होंगे।



