भानुप्रतापपुर में भाजपा में एक दर्जन दावेदार

रायपुर(realtimes) भानुप्रतापपुर के उपचुनाव में जहां एक तरफ कांग्रेस से महज मनाेज मंडावी की पत्नी की ही नाम सामने आया है, वहां भाजपा से 2008 के विधायक ब्रह्मानंद नेताम के साथ ही एक दर्जन दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। भाजपा ने चार पर्यवेक्षकों का दल बनाया है। दल के सदस्य आज या कल भानुप्रतापपुर का दौरा करके वहां सभी से रायशुमारी करके वहां के दावेदारों के नाम प्रदेश चुनाव समिति को देंगे। चुनाव समिति नामों का पैनल तय करके राष्ट्रीय संगठन को भेजेगी, वहां से अंतिम नाम तय होगा।
भानुप्रतापपुर के उपचुनाव का ऐलान होने के बाद प्रदेश भाजपा संगठन ने सबसे पहले वहां के लिए पर्यवेक्षक नियुक्ति किए हैं। इसमें सांसद संतोष पांडेय, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, विधायक शिवरतन शर्मा और रंजना शर्मा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी देते हुए प्रत्याशी के चयन के लिए रायशुमारी की जिम्मेदारी दी है।
ये हैं दावेदार
भाजपा में एक दो नाम नहीं बल्कि थोक में एक दर्जन से ज्यादा दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे पहला और बड़े दावेदार के रूप में नाम 2008 के विधायक ब्रह्मानंद नेताम का आ रहा है। इसी के साथ पिछली बार चुनाव हारने वाले देवलाल दुग्गा के अलावा गौतम उइके, हेमेंद्र ठाकुर, शकुंतला नरेटी, परमानंद तेता, किरण नुरूती सहित एक दर्जन नाम हैं।
आदिवासी आरक्षण बड़ा मुद्दा
भाजपा आदिवासी आरक्षण काे बड़ा मुद्दा मान रही है। पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी का तो दावा है कि कांग्रेस की जमानत ही जब्त हो जाएगी। आदिवासी समाज आरक्षण में कटौती को लेकर भारी नाराज है। इसका खामियाजा सत्ता धारी कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। उनका कहना है कांग्रेस किसी भी प्रत्याशी को मैदान में उतारे, जीत तो भाजपा की ही होगी।



