केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भाजपा की महिला हुंकार रैली में शिरकत करने आएंगी बिलासपुर

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की बिलासपुर में 11 नवंबर को होने वाली महतारी हुंकार रैली के लिए जाेरदार तैयारी चल रही है। इस रैली में एक लाख से ज्यादा महिलाओं काे जुटाने का दावा किया जा रहा है। इस रैली में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का आना भी तय हाे गया है। इसी के साथ भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन् के भी आने की संभावना है। अभी उनका आना फाइनल नहीं हो सका है। उनसे बात चल रही है, जल्द की राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी मंजूरी मिलने की संभावना है।
प्रदेश भाजपा संगठन ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार आंदोलन की रणनीति पर काम हो रहा है। राजधानी रायपुर में भाजयुमो के हल्ला बोल के बाद अब भाजपा ने इसी तरह के आंदोलन लगातार करने का फैसला किया है। भाजपा ने आदिवासियों के आरक्षण को लेकर भी मोर्चा खोल रखा है। इसी के साथ महिलाओं से हो रहे अनाचार और अत्याचार को लेकर भी मोर्चा खोला है। बिलासपुर की महतारी हुंकार रैली से पहले आदिवासी आरक्षण के मामले में 9 नवंबर को सभी जिलों में चक्का जाम किया जाएगा।
जुटेंगी एक लाख महिलाएं
बिलासपुर की महतारी हुंकार रैली में एक लाख महिलाओं के जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगातार विधानसभा वार बैठकें चल रही हैं और सबको एक लक्ष्य दिया जा रहा है। सबसे ज्यादा महिलाएं रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा सहित सभी जिलों से जुटाने का लक्ष्य है।
नहीं किया वादा पूरा
प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत का कहना है, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है। गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन चार साल में सरकार अपना वादा पूरी नहीं कर सकी है। आज प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाओं के साथ ज्यादा अपराध हो रहे हैं, लेकिन इनको प्रदेश सरकार रोक नहीं पा रही है। शराबबंदी, महिलाओं के साथ हो रहे अपराध सहित कई मांगों को लेकर ही महतारी हुंकार रैली कर रहे हैं। इस रैली में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प भी लेंगे।



