नितिन नवीन और अजय जामवाल ले रहे जिलाध्यक्ष, संभाग, जिला और विधानसभा प्रभारियों की अहम बैठक

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा के सहप्रभारी नितिन नवीन आज सुबह ही रायपुर पहुंचे हैं। वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ जिलाध्यक्ष, संभाग, जिलों के साथ ही विधानसभाओं के प्रभारियों की बैठक ले रहे हैं। इसी बैठक में तय होगा कि विधानसभा के कितने प्रभारी बदले जाएंगे। आधा दर्जन से ज्यादा के बदले जाने की संभावना है।
भाजपा का पूरा फोकस इस समय मिशन 2023 पर है। ऐसे में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। पहले लगातार संभागों की बैठक ली गई। इसके बाद विधानसभाओं की बैठक ली जा रही है। सबसे पहले रायपुर की चारों विधानसभाओं की बैठक लेने के बाद बलौदाबाजार, महासमुंद के बाद कुरूद विधानसभा की बैठक हो चुकी है। बूथों को मजबूत करने पर पूरा जोर दिया जा रहा है।
सक्रियता पर जोर
प्रदेश भाजपा संगठन का इस समय सक्रियता पर जोर दे रहा है, जो भी सक्रिय नजर नहीं आएंगे उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। 8 जिलाध्यक्षों को भी बदल दिया गया है। अब आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में हो रही बैठक में विधानसभा के सभी प्रभारी भी तलब किए गए हैं। इनसे सहप्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पूरी जानकारी लेंगे। जानकारी के बाद तय हाेगा कि कौन से प्रभारी कायम रहेंगे और किनको बदला जाएगा। सभी को इस बैठक में सख्त चेतावनी दी जाने वाली है कि तय निर्देशों के मुताबिक सभी प्रभारियों को हर हाल में अपने क्षेत्र में एक माह में एक सप्ताह तक रहना है, जो काम उनको सौंपा जा रहा है, उसको पूरा करके उनकी रिपोर्ट हर माह देनी है। प्रभारियों से पूछा जाएगा जो अपने प्रभार वाले विधानसभा में नहीं जा सकता है, वो अपना पद छोड़ दें। जानकारों का कहना है, करीब आधा दर्जन प्रभारी अपना नाम वापस लेने वाले हैं। इसी के साथ बेमेतरा के प्रभारी जयंती पटेल अब रायपुर शहर अध्यक्ष बन गए हैं, उनके स्थान पर भी किसी और को प्रभार दिया जाएगा।



