भाजपा का मिशन 2023 के लिए हर बूथ के लिए 24 बिंदुओं का फरमान जारी

रायपुर(realtimes) भाजपा का प्रदेश संगठन दीपावली के ठीक बाद अब मिशन 2023 के लिए मैदान में आ गया है। हमेशा की तरह भाजपा का पूरा फोकस इस बार भी बूथाें पर है। इनको मजबूत करने की अलग तरह की रणनीति बनाई गई है। इसी काे लेकर बैठकों का दाैर चल रहा है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने राजधानी रायपुर की चार विधानसभाओं की बैठक ली। इसमें हर बूथ के लिए पन्ना प्रमुख और हर पेज के लिए तीन सदस्यों की समिति जल्द से जल्द बनाने का फरमान जारी किया गया। इसी के साथ सभी को बताया गया अब ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम बूथ स्तर पर ही होंगे। सभी मंडलों को बूथों पर 24 बिंदुओं पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी की चार विधानसभाओं में सबसे पहले रायपुर पश्चिम, इसके बाद रायपुर ग्रामीण, रायपुर उत्तर और अंत में रायपुर दक्षिण की बैठक हुई। अलग-अलग बैठकों में उस विधानसभा से जुड़े पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी को बूथों पर फोकस करने के लिए कहा गया। मुख्य रूप से हर बूथ में उसकी मतदाता संख्या के हिसाब से तय हर पन्ने के लिए जहां पन्ना प्रमुख बनाने के लिए कहा गया, वहीं हर पेज के लिए तीन सदस्यों की समिति भी बनाने कहा गया। अगर एक बूथ में 30 पेज हैं तो 30 पन्ना प्रमुख और हर पेज के तीन सदस्यों के हिसाब से 90 सदस्य बनाने हैं। जिस बूथ में ज्यादा पन्ने और पेज होंगे, उसके हिसाब से पन्ना प्रमुख और समिति के सदस्य बनाए जाएंगे। मंडलों ने अपनी सुविधा के हिसाब से इसके लिए अलग-अलग समय मांगा है।
पूरा फोकस बूथों पर
भाजपा का पूरा फोकस बूथों पर है। अब हर तरह के कार्यक्रम बूथों में होंगे। इसी के साथ हर बूथ में सतत संपर्क भी करने के लिए कहा गया है। मंदिर, मस्जिद के प्रमुखों के साथ हर धर्म और समाज के लोगों से लगातार मिलने का फरमान पदाधिकारियों और कार्यकर्ता को सुनाया गया है। हर बूथ में यह भी देखना है कि बूथ में भाजपा को मतदान करने वाले कितने लोग हैं और दूसरी पार्टी के मतदाता कितने हैं। लोगों से संपर्क करके उनको केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में भाजपा शासनकाल में हुए कामों के बारे में भी जानकारी देनी है। सभी बड़े नेताओं को भी लगातार बूथों में जाने के लिए कहा गया है।
ये रहे उपस्थित
बैठकों में मंच पर अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल, सांसद सुनील सोनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह, भाजपा रायपुर जिला प्रभारी खूबचन्द पारेख , वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू, विधानसभा प्रभारी पूनम चंद्राकर उपस्थित थे। मंच संचालन जिला महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर ने किया।