
रायपुर(realtimes) नवरात्रि पर लगातार राेज वाहनों के साथ ही घराें और प्लाटाें का जमकर खरीदारी हाे रही है। 9 दिनों में हजार करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। जहां एक तरफ करीब 40 हजार वाहन बिकने का अनुमान है और यहां पर 8 से 9 सौ करोड़ का कारोबार हो जाएगा, वहीं रीयल एस्टेट में भी दो से ढाई सौ करोड़ के कारोबार की संभावना बिल्डर जता रहे हैं।
साल भर के त्योहारों में गणेश चतुर्थी के बाद नवरात्रि में भी अमूमन 9 दिनों तक लगातार खरीदारी होती है। इन दिनों में सबसे ज्यादा वाहनों के साथ घरों और प्लांटों की बिक्री होती है। इसको लेकर राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश के बाजार में जमकर बूम है। लाेग नवरात्रि के पहले ही दिन से खरीदारी कर रहे हैं।
रोज सौ करोड़ के कारोबार की संभावना
सबसे बड़ा काराेबार 9 दिनों में वाहनों का होगा। इसमें पूरे प्रदेश में रोज करीब सौ करोड़ के कारोबार का अनुमान है। पिछले साल भी करीब हर रोज सौ करोड़ के वाहन बिके थे। इस बार इससे ज्यादा वाहन भी बिक सकते हैं। इस समय राेज पूरे प्रदेश में राेज तीन से चार हजार बाइक और तीन से चार साै कराें बिक रही हैं। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक सबसे ज्यादा बिक्री दुपहिया वाहनों की होती है। रायपुर में ही 9 दिनों में 7 से 8 हजार वाहन बिक जाएंगे। पूरे प्रदेश की बात करें तो 30 से 35 हजार दुपहिया वाहन आसानी से बिकेंगे। इसी के साथ तीन से चार हजार चार पहिया वाहन बिकेंगे। इनमें कारें ज्यादा बिकेंगी। इसी के साथ दूसरे बड़े वाहन भी बिकेंगे। मालवाहक वाहन भी इस समय मुहूर्त के कारण बिकते हैं।
ढाई सौ करोड़ के बिकेंगे मकान-प्लाट
रीयल एस्टेट को भी नवरात्रि का इंतजार रहता है। धनतेरस और दीपावली की तरह नवरात्रि में भी बहुत ज्यादा मकान और प्लाट बिकते हैं। बिल्डरों के मुताबिक कई लोगों ने पहले ही बुकिंग करवा के रखी है। नवरात्रि प्रारंभ होते ही मुहूर्त के मुताबिक लोग मकान और प्लाट ले रहे हैं। बिल्डर और क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष शैलेश कुमार वर्मा का कहना है, राजधानी रायपुर में ही करीब सौ करोड़ के कारोबार का अनुमान है। इसके अलावा दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और अन्य शहरों को मिलाकर करीब ढाई सौ करोड़ का कारोबार हो जाएगा। मकानों की कीमत 20 लाख से तीन करोड़ तक है। इसी तरह से अलग-अलग क्षेत्र में प्लाटों की अलग-अलग कीमत है। इसमें दस लाख से लेकर एक करोड़ तक के प्लाट हैं।



