मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

प्रकृति की गोद से लिखी जाएगी सरगुजा क्षेत्र के विकास की नई इबारत: CM साय

मयाली नेचर कैंप में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक, 10 करोड़ से होगा कायाकल्प

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र में विकास की एक नई दिशा निर्धारित की जा रही है। जशपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री खड़सा व्यू प्वाइंट से बोटिंग करते हुए मयाली नेचर कैंप पहुंचे, जहां परंपरागत स्वागत किया गया। कर्मा नृत्य, ढांक और नगाड़े की धुनों के बीच बांस की टोपी और पत्तियों की माला पहनाकर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया।

बैठक में शामिल हुए कई प्रमुख नेता और अधिकारी

मुख्यमंत्री के साथ बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक श्रीमती रायमुनी भगत और अन्य कई प्रमुख अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरगुजा क्षेत्र के आदिवासी और पर्यावरणीय विकास की नई योजनाओं पर विचार-विमर्श करना था।

मयाली का होगा 10 करोड़ से कायाकल्प

मयाली नेचर कैंप, जो जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, को “स्वदेश दर्शन योजना” में शामिल किया गया है। पर्यटन विभाग ने इसके विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत मयाली की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ाने के लिए व्यापक कार्य किए जाएंगे।

प्रकृति का अनुपम उपहार: मयाली नेचर कैंप

मयाली नेचर कैंप को जशपुर जिले के सबसे सुरम्य स्थलों में से एक माना जाता है। यह स्थान कुनकुरी ब्लॉक में चराईडांड़ बगीचा स्टेट हाईवे के निकट स्थित है। डैम के किनारे बसा यह क्षेत्र प्राकृतिक हरियाली और सुंदरता से भरपूर है। वीकेंड के दिनों में यहां पर्यटकों की भीड़ देखने को मिलती है, और बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।

विकास की नई संभावनाएं

सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मयाली नेचर कैंप और इसके आसपास के क्षेत्र को विकसित करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। इस क्षेत्र में पर्यटन के विकास से न केवल आर्थिक लाभ मिलेगा बल्कि आदिवासी समुदाय के लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

मयाली नेचर कैंप को प्राकृतिक शिवलिंग “मधेश्वर पहाड़” का विहंगम दृश्य और चारों ओर फैली हरियाली इस क्षेत्र की सुंदरता को और भी खास बनाते हैं। इस इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य सरकार ने इसे विकास की नई इबारत लिखने का केंद्र बनाने की योजना बनाई है।

Related Articles

Back to top button