16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्नाइपर प्रतियोगिता में यूपी एटीएस का परचम, कमांडो आकाश यादव–राकेश कुमार ने जीता स्वर्ण पदक - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्नाइपर प्रतियोगिता में यूपी एटीएस का परचम, कमांडो आकाश यादव–राकेश कुमार ने जीता स्वर्ण पदक

लखनऊ । हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड(एनएसजी) के प्रशिक्षण केंद्र मानेसर में 16 से 28 फरवरी तक आयोजित 16वीं अखिल भारतीय पुलिस स्टैंडअलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एंटी टेरर स्क्वाड (यूपी एटीएस) के कमांडो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 17 केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के चयनित स्नाइपर कमांडो ने भाग लिया और अपनी सामरिक दक्षता, धैर्य तथा उच्च स्तरीय निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान लंबी दूरी से सटीक फायरिंग, लक्ष्य की पहचान, दूरी का आकलन, छिपकर संचालन (स्टील्थ मूवमेंट) और दबावपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश आतंकवाद विरोधी दस्ता (यूपी एटीएस) के कमांडो आकाश यादव और राकेश कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट स्नाइपर डिटैचमेंट इवेंट” में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह इवेंट सामान्यतः दो सदस्यीय टीम—शूटर और स्पॉटर—पर आधारित होता है, जिसमें टीमवर्क, लक्ष्य निर्धारण, पर्यावरणीय परिस्थितियों का विश्लेषण और अत्यंत सटीक फायरिंग के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है।

यह प्रतियोगिता किसी भी सुरक्षा बल की विशेष अभियान क्षमता और सामरिक समन्वय का महत्वपूर्ण पैमाना मानी जाती है।उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी कमांडो आकाश यादव को एनएसजी द्वारा आयोजित बेसिक स्नाइपर कोर्स में “बेस्ट फायरर” का पुरस्कार मिल चुका है। यूपी एटीएस के कमांडो की इस उपलब्धि से प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button