ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई में नशीली इंजेक्शन की खेप बरामद, युवक गिरफ्तार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई में नशीली इंजेक्शन की खेप बरामद, युवक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 29 मई 2026 को थाना चक्रधरनगर एवं थाना साइबर की संयुक्त टीम ने ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मरीन ड्राइव रोजगार कार्यालय के पास एक युवक बड़ी मात्रा में नशीली इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से लेकर बैठा हुआ है।

सूचना पर पुलिस टीम ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे तत्काल पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मनीष डंडरिया (22 वर्ष) निवासी नवधा चौक, गंगानगर, थाना बृजराजनगर जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) हाल मुकाम किरोड़ीमलनगर, आजाद चौक थाना कोतरारोड जिला रायगढ़ बताया।

आरोपित के कब्जे से प्लास्टिक थैले में रखे 98 नग NRXPENTAZOCINE LACTATE INJECTION I.P. (ZOXIFIX) बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 5,953.25 रुपये है। पूछताछ में आरोपित उक्त इंजेक्शन को बिक्री हेतु रखना स्वीकार किया, किंतु इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शनों को जब्त किया। विवेचना में आरोपित द्वारा अवैध रूप से नशीली इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से रखना पाए जाने पर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

आज शनिवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इंजेक्शन की आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button