हर मतदाता के घर तक जाएगी भाजपा, 10 लाख कार्यकर्ताओं काे झोंका - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

हर मतदाता के घर तक जाएगी भाजपा, 10 लाख कार्यकर्ताओं काे झोंका

रायपुर. राज्य में इस साल हाेने वाले विधानसभा काे जीतने के लिए भाजपा ने अलग ही रणनीति पर काम करना प्रारंभ किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र पर प्रदेश भाजपा संगठन ने रणनीति बनाई है। हर मतदाता से वन-टू-वन बात करने के लिए भाजपा दस लाख कार्यकर्ताओं को झाेंका जा रहा है। प्रदेश में एक करोड़ 92 लाख 56 हजार मतदाता हैं। 20 मतदाताओं के पीछे एक कार्यकर्ता रहेगा। हर बूथ में 30 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम काम करेगी। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ हैं। कार्यकर्ताओं का काम हर मतदाता के घर तक जाकर जहां उनको केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताना रहेगा, वहीं प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी को भी बताया जाएगा।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, उनको जीत का मंत्र देते हुए कहा था कि हर मतदाता से संपर्क किया जाए। इसी के साथ कार्यसमिति में यह भी तय किया गया था कि हर मतदाता तक केंद्र सरकार की योजनाओं को भी पहुंचाना है, ताकि मतदाता भाजपा के पक्ष में मतदान करें और भाजपा को समझ सकें। भाजपा की इस सोच के पीछे सबसे बड़ा कारण गुजरात की जीत बताई जा रही है। गुजरात में हर मतदाता से संपर्क किया गया और उनको भाजपा के कामों की जानकारी देने पर पार्टी को वहां पर बड़ी जीत मिली है। गुजरात का ही फार्मूला अब ज्यादातर राज्यों में अपनाने की भाजपा की योजना है।

हर बूथ के लिए रणनीति

राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश भाजपा संगठन ने हर बूथ के लिए रणनीति बनाई है। इसमें बूथों पर पूरा फोकस किया जाएगा। इसके तहत सबसे अहम यह है कि हर बूथ के जितने भी मतदाता हैं, उन तक पहुंचना है। इसके लिए जो रणनीति बनाई गई है, उसमें तय किया गया है कि हर बूथ में आठ सौ से 12 सौ तक मतदाता होते हैं। हर बूथ में आगे और पीछे के पेज को मिलाकर 60 मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर बूथ में 13 से 20 पेज तक होते हैं। हर पेज के लिए, जिसमें 60 मतदाता होंगे, भाजपा ने एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखने का फैसला किया है।

हर मतदाता के घर तक जाएंगे

हर पेज के लिए जो तीन कार्यकर्ता नियुक्ति होंगे, वे सभी मतदाताओं के घरों तक जाएंगे। एक-एक कार्यकर्ता को 20-20 मतदाताओं के घरों तक जाने का जिम्मा मिलेगा। कार्यकर्ता मतदाताओं से वन-टू-वन बात करके हर मतदाता की समस्या जानकर उनकी समस्या का निराकरण करने का काम करेंगे। हर मतदाता को भाजपा के बारे में बताने के साथ, यह बताया जाएगा कि केंद्र की भाजपा सरकार क्या-क्या कर रही है और जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उसने क्या किया था और अब कांग्रेस की सरकार ने किस तरह से वादाखिलाफी करने का काम किया है। ज्यादातर बूथों में इस पर काम भी हो गया है। जहां पर काम पूरा हाे गया है, वहां पर मतदाताओं से संपर्क भी हाे रहा है, बाकी स्थानों पर अब अगले माह से कार्यकर्ता मतदाताओं के घरों तक जाएंगे।

Related Articles

Back to top button