जी 20 सम्मेलन की बैठक काे लेकर कांग्रेस-भाजपा का अपना राग

रायपुर(realtimes) प्रदेश में जी 20 सम्मेलन को लेकर अगले साल होने वाली बैठक की मेजबानी मिलने पर कांग्रेस और भाजपा में सियासी जंग प्रारंभ हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, यह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ माॅडल की कीर्ति है जो अब देश से निकलकर विदेशों तक फैल रहा है। रमन राज में नक्सल आतंक के कारण लोग यहां आने से परहेज करते थे। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा मीडिया विभाग के अध्यक्ष अमित चिमनानी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पहल कर जी 20 की महत्वपूर्ण बैठक छत्तीसगढ़ में तय की। उन्होंने खुद राज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की।
श्री शुक्ला ने कहा, केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी ने भी यह मान लिया छत्तीसगढ़ सरकार के काम पूरे प्रदेश के सर्वोत्तम है तथा छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाएं देश की अन्य राज्यों से बेहतर है। अतः यहां पर अंर्तराष्ट्रीय जी 20 समूह की बैठक होगी तो देश भारत का नाम दुनिया में और बढ़ेगा। यह सभी छत्तीसगढ़ वासियों के लिए गर्व का विषय है। श्री शुक्ला ने कहा कि पिछले 4 साल में छत्तीसगढ़ में इतना परिवर्तन हो गया कि जिस छत्तीसगढ़ में देश के दूसरे प्रांतों के लोग इसलिए नहीं आते थे कि यहां नक्सल आतंक है उसी छत्तीसगढ़ में आज अंर्तराष्ट्रीय बैठक होने जा रही है। रमन राज के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व अजीत जोगी के कैलिपर्स का नाप लेने न्यूजीलैंड के इंजीनियर छत्तीसगढ़ नहीं आ रहे थे, उन्होंने उनका नाप दिल्ली में लिया था आज उसी छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने जा रहा, जी 20 की बैठक होने जा रही। यह भूपेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
जी 20 की बैठक मोदी के छत्तीसगढ़ प्रेम का प्रतीक
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कांग्रेस संचार प्रमुख के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, छत्तीसगढ़ में जी 20 समिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ के प्रति प्रेम का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में जो भी विकास हो रहा है, वह श्री मोदी की उदारता से हो रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य बनाने वाली भाजपा ने नई राजधानी बनाई। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया। ब्रिज बनाए, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाया, ऑडिटोरियम बनाए। राज्य को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर सबसे तेज गति से विकास करने वाले नए राज्य के रूप में प्रतिष्ठित कराया। श्री चिमनानी ने कहा, प्रदेश सरकार ने अपनी दम पर एक धेले का विकास नहीं किया है। पूरे देश में नक्सलवाद सिमट चुका है लेकिन छत्तीसगढ़ में यह स्थिति है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली में कहते हैं कि वे नक्सल प्रभावित राज्य के मुख्यमंत्री हैं, उन्हें सुरक्षा दी जाए।



