शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुबह से दर्शन के लिए लगी कतारें - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुबह से दर्शन के लिए लगी कतारें

कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले भर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहेगा।

श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए। शहर के कपिलेश्वर मंदिर रविशंकर नगर, साडा स्थित शिव मंदिर, पाली शिव मंदिर, स्वामी अय्यप्पा मंदिर शिवालय, कनकी शिव मंदिर तथा तुमान शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में विशेष सजावट की गई थी।

मंदिर परिसरों को फूल-मालाओं और विद्युत रोशनी से सजाया गया था। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और शिव महिमा का पाठ भी आयोजित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और कतार प्रबंधन की व्यवस्था की गई थी।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, फिर भी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हुई।

महाशिवरात्रि को लेकर युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर रात्रि जागरण किया और शिव मंत्रों का जाप किया। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिले के शिव मंदिरों में उमड़ी इस भीड़ ने एक बार फिर महाशिवरात्रि पर लोगों की गहरी आस्था और धार्मिक परंपरा को जीवंत रूप में सामने ला दिया।

 

Related Articles

Back to top button