शाह आज शाम पहुंचेंगे बस्तर, सीआरपीएफ के कार्यक्रम में ही करेंगे शिरकत, नहीं होगा कोई राजनीतिक कार्यक्रम

रायपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिनों के छत्तीसगढ़ दौरे पर आज आ रहे हैं। वे आज शाम को जगदलपुर पहुंचेंगे। आज रात को 8 बजे नक्सल मुद्दे पर अधिकारियों की बैठक लेंगे। रात को कोबरा सीआरपीएफ कैंप में रहेंगे। कल सीआरपीएफ के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 11.45 बजे विशेष विमान से नागपुर जाएंगे। केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा के लिए लगातार बस्तर में पांच हजार जवान सर्चिंग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री का कोई भी राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। पहले प्रदेश भाजपा संगठन इसके प्रयास में था, लेकिन इसकी मंजूरी नहीं मिल सकी है।
केंद्रीय मंत्री मुख्य रूप से सीआरपीएफ के कार्यक्रम में ही शामिल होने के लिए बस्तर आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक श्री शाह दिल्ली से विशेष विमान द्वारा आज शाम 5 बजे जगदलपुर विमानतल पहुचेंगे। यहां से श्री शाह शाम 5.20 बजे हेलीकॉप्टर से करणपुर कोबरा सीआरपीएफ कैंप जाएंगे। सबसे पहले वे सीआरपीएफ कैंप में जवानों से मुलाकात करेंगे। यहीं पर रात 8 बजे अधिकारियों के साथ नक्सल मुद्दे पर बैठक लेंगे। कोबरा सीआरपीएफ कैंप में ही केंद्रीय मंत्री रात बिताएंगे। श्री शाह कल सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक सीआरपीएफ के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे 11.45 बजे जगदलपुर विमानतल से विशेष विमान द्वारा नागपुर के लिए रवाना होंगे।



