
रायपुर(realtimes) दीपावली के समय ताे साेने का भाव 50 हजारी रहा, लेकिन अब शादियों के सीजन का आगाज होने से पहले ही सोना खरीदने वालों को जोर का झटका लगा है जो सोना इस माह के प्रारंभ में 50 हजार से थोड़ा ज्यादा था, वह सोना अब 53 हजार के पार हो गया है। सराफा कारोबारियों की मानें तो अभी इसकी कीमत में और इजाफा होगा।
सोने की कीमत इस साल ज्यादातर समय 50 से 55 हजार के बीच ही रही है। इस साल सोने की कीमत 55 के पार गई ही नहीं है। जबकि पिछले साल इसकी कीमत ज्यादातर समय 50 हजारी रही है। सराफा बाजार में यूं तो हर माह खरीदारी होती है, लेकिन धनतेरस, पुष्य नक्षत्र और शादियों के सीजन में ज्यादा खरीदारी होती है। अक्षय तृतीया के बाद देवउठनी एकादशी के बाद शादियों का सीजन लगने पर सराफा बाजार गुलजार रहता है। इस बार भी सराफा बाजार इस समय शादियों के सीजन को लेकर गुलजार है तो इसकी कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है।
अब तीन हजार की ज्यादा चपत
लोगों ने धनतेरस और पुष्य नक्षत्र में शादियों के लिए भी जमकर खरीदारी की है। जिन लोगों ने उस समय खरीदारी कर ली, उनको बचत हो गई है, लेकिन जो लोग खरीदारी नहीं कर पाए हैं उसको अब एक तोले पर तीन हजार तक की चपत लग रही है। सोना इस माह के प्रारंभ में 50 हजार दो सौ रुपए के आस-पास था जो अब बढ़कर 53 हजार के पार हो गया है। गुरुवार काे कीमत में 130 रुपए गिरावट के कारण कीमत कुछ कम हुई है। इसके पहले लगातार कीमत में इजाफा हो रहा था। नवंबर में जहां दो बार कीमत कुछ कम हुई है, वहीं दो बार कीमत स्थिर रही है। एक दिन पहले ही कीमत 340 रुपए बढ़ी थी।
जनवरी से नवंबर तक कीमत
जनवरी में 49 से 50 हजार
फरवरी में 49 से 52 हजार
मार्च में 51 से 54 हजार
अप्रैल में 52 से 53 हजार
मई में 51 से 54 हजार
जून में 51 से 53 हजार
जुलाई में 51 से 53 हजार
अगस्त में 51 से 52 हजार
सितंबर में 49 से 50 हजार
अक्टूबर में 50 से 51 हजार
नवंबर में 50 से 53 हजार



