भाजपा ने जोड़े 60 लाख सदस्य, 200 कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा ने जोड़े 60 लाख सदस्य, 200 कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के तीन महीने लंबे सदस्यता अभियान में 60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्य बनाए गए। हालांकि, इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी केवल 20% रही, जबकि 80% सदस्य पुरुष हैं। महतारी वंदन योजना जैसी महिला केंद्रित योजनाओं के बावजूद पार्टी 48 लाख पुरुष और केवल 12 लाख महिलाओं को जोड़ सकी।

भाजपा प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि 63% नए सदस्य 18-35 वर्ष की उम्र के युवा हैं। इसके अलावा 36-50 वर्ष के 26%, 51-65 वर्ष के 9% और 65 वर्ष से ऊपर के 2% लोगों ने सदस्यता ली। जातिगत आंकड़ों के अनुसार, 54% ओबीसी, 18% सामान्य, 18% अनुसूचित जनजाति और 9% अनुसूचित जाति वर्ग से हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चार चुनावों में सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी ऊर्जा से संगठन विस्तार की अपील की। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कार्यकर्ताओं से अगली बार केंद्र और राज्य में दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य तय करने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान को संगठन महापर्व बताते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास की ऐतिहासिक सफलता है। इस दौरान 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। 20 हजार से ज्यादा सदस्य जोड़ने पर छह विधायकों को सदस्यता भूषण सम्मान मिला, वहीं बसंत अग्रवाल को सदस्यता रत्न और ललित जैसिंघ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button