business
वैश्विक रुख से तय होगी बाजार की चाल

मुंबई:अमेरिका में आर्थिक विकास दर में उम्मीद से अधिक बढ़ोतरी होने और बेरोजगारी कम होने से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई दमदार लिवाली की बदौलत बीते सप्ताह 2.8 प्रतिशत की छलांग लगाकर ऊंचाई के नए शिखर पर पहुंचे घरेलू शेयर बाजार की अगले सप्ताह चाल निर्धारित करने में वैश्विक घटनाक्रम, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का रुख और वाहन बिक्री आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बीते सप्ताह बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1739.19 अंक अर्थात 2.8 प्रतिशत की छलांग लगाकर सप्ताहांत पर 64718.56 अंक के सर्वकालिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 523.55 अंक यानी 2.8 प्रतिशत की तेजी लेकर 19189.05 अंक के नए शिखर पर रहा।



