रीयल एस्टेट, सराफा, इलेक्ट्राॅनिक्स, मोबाइल, आटोमोबाइल्स में पुष्य नक्षत्र पर जमकर हुई खरीदारी
रायपुर(realtimes) धनतेरस से पहले पुष्य नक्षत्र पर बाजार में जमकर धन की बारिश हुई। सबसे ज्यादा कारोबार सराफा में हुआ। पूरे प्रदेश में चार सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इसी के साथ रीयल एस्टेट में लोगों के घरों के साथ प्लाट लिए हैं। इसमें करीब तीन सौ करोड़ का कारोबार पूरे प्रदेश में हुआ है। इसके अलावा लोगों ने भारी संख्या में दुपहिया और चारपहिया वाहन लिए हैं। इलेक्ट्राॅनिक्स आइटमाें के साथ मोबाइल भी खूब बिके हैं। सभी सेक्टरों काे मिलाकर एक ही दिन में 12 सौ करोड़ का कारोबार हो गया है।
पिछले कुछ सालों से धनतेरस के पहले लोग पुष्य नक्षत्र में जमकर खरीदारी कर रहे हैं। पहले लाेगों को महज धनतेरस और इसके पहले गणेश चतुर्थी और नवरात्रि का इंतजार रहता था, लेकिन अब पुष्य नक्षत्र में भी धनतेरस की तरह की खरीदारी होने लगी है। पुष्य नक्षत्र में खास तौर पर सोना और मकानों की बिक्री के साथ वाहन लिए जाते हैं। इसके लिए राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश में एक दिन पहले ही बाजार सजकर तैयार हो गए थे।
सराफा में रात तक रौनक
पुष्य नक्षत्र पर सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। राजधानी रायपुर के साथ ही पूरे प्रदेश के सभी शहरों में सुबह से लेकर रात तक रौनक रही और लोग अपनी सुविधा के मुताबिक, गहने, सोने के सिक्के, सोने के बिस्कुट सहित सोने के अलग-अलग आइटम खरीदते रहे। सराफा कारोबारी लक्ष्मीनारायण लाहोटी के मुताबिक लाइटवेट गहनों के साथ ज्यादा महंगे और भारी गहनों की भी लोगों ने खरीदारी की है। ज्यादातर सोने की बिक्री हुई है। चांदी की इस समय कम बिक्री होती है। चांदी के आइटम धनतेरस पर ज्यादा बिकते हैं। कारोबारियों के मुताबिक पूरे प्रदेश में चार सौ करोड़ प्लस का कारोबार हुआ है। इससे उम्मीद बढ़ी है कि धनतेरस को इससे ज्यादा का काराेबार होगा।
रीयल एस्टेट में ज्यादा खरीदारी
पुष्य नक्षत्र को लोग मकानों की खरीदी के लिए ज्यादा शुभ मानते हैं। क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष और बिल्डर शैलेंश वर्मा के मुताबिक इस दिन का लोग इंतजार करते हैं, इस दिन के लिए पहले से भी लोग ने मकानों और प्लाटों की बुकिंग कराके रखी थी। उन्होंने बताया, मकानों की बिक्री धनतेरस से ज्यादा पुष्य नक्षत्र पर होती है। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेशभर में थोक में योजनाओं में मकानों की बिक्री हुई है। एक अनुमान के मुताबिक रीयल एस्टेट में पूरे प्रदेश में 300 करोड़ से ज्यादा के मकान और प्लाट बिके हैं।
200 करोड़ के वाहन बिके
पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने वाहनों की जमकर खरीदी की है। आटोमोबाइल्स कारोबारी पुनीत पारवानी के मुताबिक लोगों को धनतेरस की तरह की पुष्य नक्षत्र का भी बेताबी से इतंजार रहता है। इस दिन भी लोग भारी संख्या में वाहन खरीदते हैं। उन्होंने बताया एक अनुमान के मुताबिक अपने राज्य में करीब दो सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश में लाेगों ने पहले ही अपनी मनपसंद चारपहिया बुक करवाई थी, क्योंकि ज्यादातर मॉडल इस समय आन डिमांड नहीं मिल रहे हैं। दुपहिया वाहन तो आसानी से ऑन डिमांड मिल रहे हैं। दुपहिया वाहन ही ज्यादा बिके हैं।
मोबाइल, इलेक्ट्राॅनिक्स में 100 करोड़ का कारोबार
मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स का कारोबार भी नवरात्रि से गुलजार है और जमकर खरीदारी हो रही है। पुष्य नक्षत्र पर मंगलवार को बाजार में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, एसी, एलईडी, इलेक्ट्राॅनिक चिमनी, ओवन सहित इलेक्ट्राॅनिक्स सामानों से साथ मोबाइल की भी भारी खरीदारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल कारोबारियों के मुताबिक एक दिन में करीब सौ करोड़ का कारोबार हुआ है।
अन्य सेक्टरों में भी खरीदारी
अन्य सेक्टरों में बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रिकल्स, फर्नीचर, फुटवियर, रेडीमेड सहित सभी सेक्टरों के बाजार गुलजार रहे हैं। इन सेक्टरों में भी करीब दो सौ करोड़ की खरीदारी हुई है। फर्नीचार बाजार में लोगों की खासी भीड़ रही है। इसी के साथ इलेक्ट्रिकल्स सेक्टर में भी लोग घरों को सजाने के लिए लाइटिंग के सामान खरीदते रहे।



