अब विधानसभा के निष्क्रिय भाजपा प्रभारियों पर गिरेगी गाज - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अब विधानसभा के निष्क्रिय भाजपा प्रभारियों पर गिरेगी गाज

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा संगठन के 8 निष्क्रिय जिलाध्यक्षाें काे बाहर का रास्ता दिखाने के बाद अब नंबर विधानसभा के निष्क्रिय प्रभारियों का है। भाजपा ने 90 विधानसभाओं के लिए प्रभारी तय किए हैं। इनको तय किए हुए एक माह से ज्यादा हो गया है। सभी प्रभारियों से हर माह अपने प्रभार वाले विधानसभा में कम से कम पांच दिनों तक रहने के लिए कहा गया है। आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सभी प्रभारियों की बैठक लेंगे और सभी से वन टू वन जानकारी लेंगे। जो भी प्रभारी सक्रिय नहीं हैं, उनको बाहर का रास्ता दिखाते हुए उनके स्थान पर नए प्रभारी भी रखने की तैयारी है।
भाजपा का पूरा फोकस इस समय मिशन 2023 पर है। ऐसे में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। लगातार संभागों की बैठक हुईं हैं। सरगुजा, बस्तर, रायपुर के बाद दाे दिन पहले दुर्ग संभाग की बैठक हुई। एक दिन पहले बिलासपुर संभाग की बैठक की गई। इसमें वहां पर 11 नवंबर को होने वाली महतारी हुंकार रैली को लेकर रणनीति बनाई गई है। अब एक बड़ी बैठक राजधानी में बुधवार को होगी।
सक्रियता पर जोर
प्रदेश भाजपा संगठन का इस समय सक्रियता पर जोर दे रहा है, जो भी सक्रिय नजर नहीं आएंगे उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। 8 जिलाध्यक्षों को भी बदल दिया गया है। अब आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में विधानसभा के सभी प्रभारी तलब किए गए हैं। इनसे क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पूरी जानकारी लेंगे। जानकारी के बाद तय हाेगा कि कौन से प्रभारी कायम रहेंगे और किनको बदला जाएगा। सभी को इस बैठक में सख्त चेतावनी दी जाने वाली है कि तय निर्देशों के मुताबिक सभी प्रभारियों को हर हाल में अपने क्षेत्र में एक माह में पांच दिन रहना है, जो काम उनको सौंपा जा रहा है, उसको पूरा करके उनकी रिपोर्ट हर माह देनी है।
कमेटियों की भी बैठक
कार्यविस्तार योजना के तहत धमतरी की बैठक में तय की गई कमेटियों की भी अलग से बैठक होगी। इसमें कमेटियों के सदस्यों से जानकारी ली जाएगी कि उनको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसमें क्या प्रगति हुई है। इसी के साथ इनको आगे क्या करना है, उसके निर्देश भी दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button