राहुल पंहुचे संगठन सृजन के लिए, जुटे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, और पदाधिकारी

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज दोपहर अभनपुर में आयोजित संगठन सृजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंहुचे हैं। खास बात ये है कि कार्यक्रम स्थल पर केवल वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित जिला शहर अध्यक्षों को ही प्रवेश दिया गया है। राहुल गांधी के रायपुर एयरपोर्ट पर पंहुचने के बाद से लेकर कार्यक्रम स्थल तक आने के बीच कई जगह कांग्रेसियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश संगठन द्वारा किए गए आंदोलन से संबंधित पोस्टर लगाए गए हैं, जो नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई, बस्तर में अडानी और अन्य निजी उद्योगपतियों द्वारा खनिज संसाधन की लूट के विरोध में जन आंदोलन से संबंधित है।
जुटे वरिष्ठ नेता
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत राहुल गांधी के साथ सभा स्थल पर पंहुचे। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, सांसद फूलोदेवी नेताम, सांसद ज्योत्सना महंत,प्रभारी सचिव विजय जांगिड़, ताम्रध्वज साहू, अनिला भेड़िया,सत्यनारायण शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, प्रेमसाय सिंह, जय सिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, अरुण वोरा,राजेंद्र तिवारी, कांग्रेस मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, व रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन सहित बड़ी संख्या में अन्य नेता शामिल हुए
अभनपुर में आयोजित संगठन सृजन कार्यक्रम में प्रदेश की शहर जिला कांग्रेस इकाइयों को सक्षम बनाने के लिए क्लास लगेगी। दस दिन चलने वाली सिसायत की इस पाठशाला में एआईसीसी और राज्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पदाधिकारियों को माैजूदा राजनीति के गुर सिखाते हुए जरुरी टिप्स भी देंगे। इस कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, माइनॉरिटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के साथ एआईसीसी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होकर दस दिनों के इस आयोजन में जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 20 जून से लेकर 29 तक दस सत्र आयोजित होंगे। इस दाैरान संगठन और बूथ प्रबंधन के तहत जमीनी स्तर पर (ब्लॉक और बूथ स्तर तक) संगठन को मजबूत करने की विशेष रणनीति पर बात होगी। शहर-जिला अध्यक्षों, और नेताओं को जनता के बीच अधिक समय बिताने और पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाने के निर्देश के साथ फील्ड में उतरकर काम करने के तरीके सुझाए जाएंगे। इसी क्रम में सकारात्मक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन सृजन कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा जिला कमेटियों का दायरा बढ़ाना और स्थानीय हालातों के मुताबिक फैसले लेने की क्षमता विकसित करने पर विस्तार से बात होगी।
कांग्रेस का इतिहास, रीति- नीति का पाठ
बताया गया है कि संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पार्टी के इतिहास से प्रदेश कांग्रेस की जिला इकाईयों के पदाधिकारियों को अवगत करते हुए बताया जाएगा कि पार्टी की रीति-नीति क्या है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से जुड़े उन मुद्दों पर भी बात होने की संभावना है जो राष्ट्रीय स्तर पर पहले ही चर्चा में है, इसमें जल-जंगल जमीन से जुड़े जिसमें हसदेव के जंगल की कटाई से लेकर नीट परीक्षा की विफलता पर सरकार को घेरने और इस विषय को प्रदेश भर में पंहुचाने के प्रयास पर चर्चा संभावित है।



